Plash Sahitya Anubhuti Samman : साहित्यकार गिरिजा नंद झा ‘अर्धनारीश्वर’ को ‘पलाश साहित्य अनुभूति सम्मान’
Plash Sahitya Anubhuti Samman : अंग्रेजी के व्याख्याता, हिन्दी व मैथिली के वरिष्ठ साहित्यकार व बोकारो की चर्चित साहित्यिक संस्था ‘साहित्यलोक’ के पूर्व महासचिव गिरिजा नंद झा ‘अर्धनारीश्वर’ का राष्ट्रीय स्तर के साहित्यिक पुरस्कार के लिए किया गया चयन।
न्यूज इंप्रेशन, संवाददाता
Bokaro: बोकारो स्टील प्लांट के शिक्षा विभाग से अवकाश प्राप्त अंग्रेजी के व्याख्याता, हिन्दी व मैथिली के वरिष्ठ साहित्यकार व बोकारो की चर्चित साहित्यिक संस्था ‘साहित्यलोक’ के पूर्व महासचिव गिरिजा नंद झा ‘अर्धनारीश्वर’ का चयन राष्ट्रीय स्तर के साहित्यिक पुरस्कार के लिए किया गया है। गिरिजा नंद झा ‘अर्धनारीश्वर’ को वर्ष 2023 के लिए यह सम्मान उनके हिन्दी कविता संग्रह ‘सूरज का सच’ के लिए प्रदान किया जायेगा। कविलोक साहित्य परिषद्, बिलासपुर, छत्तीसगढ़ द्वारा श्री अर्धनारीश्वर को पलाश साहित्य अनुभूति पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा 5 अक्टूबर को की गयी है। संस्था द्वारा साहित्य की उत्कृष्टता व गुणवत्ता के आधार पर अखिल भारतीय स्तर पर प्राप्त कुल 380 प्रविष्टियों में से साहित्य की विभिन्न विधाओं में 22 साहित्यकारों का चयन किया गया है, जिन्हें निकट भविष्य में आयोजित होनेवाले भव्य समारोह में सम्मानित किया जायेगा।
आदर्श शिक्षक सम्मान से हो चुके हैं सम्मानित
अर्धनारीश्वर को इस पुरस्कार से सम्मानित किए जाने पर बोकारो सहित झारखंड व बिहार के साहित्यकारों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। अर्धनारीश्वर की मैथिली व हिंदी में छह पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। उनकी प्रकाशित पुस्तकों में तीन मैथिली कथा संग्रह (कलंकिनी, नीलकंठ, अन्हार गलियारी), एक मैथिली कविता संग्रह ‘मायक नाम चिट्ठी’, मैथिली निबंध संग्रह ‘हाइकमाण्ड’ व हिंदी कविता संग्रह ‘सूरज का सच’ है। बोकारो स्टील प्लांट के शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्ति के बाद श्री अर्धनारीश्वर विगत कई वर्षों से दिल्ली में रहकर ‘कोशी संदेश’ पत्रिका के प्रधान संपादक का दायित्व संभाल रहे हैं। मैथिली साहित्य में विज्ञान कथा के जनक श्री अर्धनारीश्वर इसके पूर्व मैथिली साहित्य में उल्लेखनीय योगदान के लिए त्रिवेणी कांत ठाकुर साहित्य पुरस्कार, हिन्दी व मैथिली साहित्य में योगदान के लिए राष्ट्रीय संस्कृत प्रसार परिषद्, बोकारो द्वारा ‘कवि जयदेव सम्मान’, शिक्षा के क्षेत्र में योगदान के लिए बोकारो इस्पात संयंत्र के शिक्षा विभाग द्वारा आदर्श शिक्षक सम्मान से सम्मानित हो चुके हैं।
सम्मान पर किया हर्ष व्यक्त
साहित्यकार अर्धनारीश्वर को सम्मान मिलने पर राष्ट्रीय कवि संगम, बोकारो महानगर अध्यक्ष अरुण पाठक, साहित्यलोक के संस्थापक महासचिव तुलानंद मिश्र, बुद्धिनाथ झा, विजय शंकर मल्लिक ‘सुधापति’, कुमार मनीष अरविन्द, सतीश चंद्र झा, हरिमोहन झा, भुटकुन झा, उदय कुमार झा, डॉ परमेश्वर भारती, अमन कुमार झा, सुनील मोहन ठाकुर, डॉ संतोष कुमार झा, नीलम झा, डॉ निरुपमा झा, डॉ रणजीत कुमार झा, संजय कुमार झा, राजीव कंठ, डॉ अंजू झा, मिथिला सांस्कृतिक परिषद् के अध्यक्ष अनिल कुमार, उपाध्यक्ष अनिमेष कुमार झा, राजेंद्र कुमार, महासचिव अविनाश कुमार झा आदि ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है।