Palamu Crime News: पुलिस मुठभेड़ में शामिल टीएसपीसी का सक्रिय नक्सली गिरफ्तार, विभिन्न थानों में कई संगीन आपराधिक मामले दर्ज
Palamu Crime News: छतरपुर (पलामू) विधानसभा चुनाव के दौरान पुलिस के विशेष अभियान में प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन टीएसपीसी के दस्ते के साथ हुई मुठभेड़ में शामिल नक्सली संगठन टीएसपीसी का सक्रिय नक्सली गिरफ्तार किया गया।
न्यूज इंप्रेशन, संवाददाता
Palamu: छतरपुर (पलामू) विधानसभा चुनाव के दौरान पुलिस के विशेष अभियान में प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन टीएसपीसी के दस्ते के साथ हुई मुठभेड़ में शामिल नक्सली संगठन टीएसपीसी का सक्रिय नक्सली गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि संगठन का एक दस्ता किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से छतरपुर थाना क्षेत्र के तुरीदाग के जंगली पहाड़ी क्षेत्रों में जुटा है।
सुरक्षा बलों ने जंगल में सर्च अभियान चलाया
सूचना के आधार पर पुलिस और सुरक्षा बलों ने जंगल में सर्च अभियान चलाया। इस दौरान प्रतिबंधित संगठन के नक्सली और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई थी रविवार को गुप्त सूचना के आधार पर मुठभेड़ में शामिल एक नक्सली को पुलिस ने गिरफ्तार किया। गिरफ्तार नक्सली की पहचान शंभु सिंह के रूप में हुई, जो ग्राम पलवा, टोला मोरचवा थाना छतरपुर का रहने वाला है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
लंबे समय से टीएसपीसी संगठन के साथ था जुड़ा हुआ
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार नक्सली शंभु सिंह के खिलाफ विभिन्न थानों में कई संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसमें हत्या, लूट, रंगदारी, आगजनी, पुलिस पर हमला जैसे अपराध शामिल हैं। वह लंबे समय से टीएसपीसी संगठन के साथ जुड़ा हुआ था और क्षेत्र में संगठन के विस्तार के लिए कार्य कर रहा था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। छापेमारी दल में थाना प्रभारी थाना प्रभारी प्रशांत प्रसाद, एसआई सुशील उरांव, एसआई अनिल रजक, रामनारायण विश्वकर्मा तकनीकी शाखा, सशस्त्र बल छतरपुर थाना, तकनीकी शाखा पलामू शामिल थे।