Palamu Crime News: शादी में रिश्तेदार बनकर पहुंची थी पुलिस, बजाया ढोल, फिर दुष्कर्म के आरोपी को किया गिरफ्तार
Palamu Crime News: पलामू पुलिस ने फिल्मी स्टाइल में दुष्कर्म के एक आरोपी को किया गिरफ्तार। लंबे समय से आरोपी था फरार। पुलिस एक शादी के घर में रिश्तेदार बनकर पहुंची थी।
न्यूज इंप्रेशन, संवाददाता
Palamu : पलामू पुलिस ने फिल्मी स्टाइल में एक ट्रैप लगाकर चार वर्षों से फरार दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस एक शादी के घर में रिश्तेदार बनकर पहुंची थी और उसे धर दबोचा। पुलिस के अनुसार 2021 में पलामू के पाटन थाना क्षेत्र में एक लड़की के साथ दुष्कर्म की घटना हुई थी। दुष्कर्म पीड़िता को थाना जाने से रोका गया था। और उसके परिवार को पीटा गया था। पीड़िता किसी तरह से थाना पहुंची थी। घटना के बाद दुष्कर्म का आरोपी दिलीप महतो फरार हो गया था। पुलिस पूरे मामले में अनुसंधान करते हुए आरोपी दिलीप महतो के खिलाफ आरोप पत्र भी दाखिल किया था।
साले की शादी में आया था आरोपी
शनिवार को आरोपी के साले की शादी थी। पुलिस को सूचना मिली कि दिलीप महतो इस शादी समारोह में भाग लेने वाला है। जानकारी मिलने के बाद पाटन थाना प्रभारी लालजी के नेतृत्व में पुलिस की टीम खुद को रिश्तेदार बताकर शादी समारोह में पहुंच गई। इस दौरान पुलिस पदाधिकारियों ने ढोल भी बजाया और परिवारों के साथ घुल मिल गए। जैसे ही दिलीप महतो वहां पहुंचा पुलिस की टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पाटन के थाना प्रभारी लालजी ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी चार वर्षों से फरार था।
2017 में भी दुष्कर्म के आरोप में गया था जेल
दिलीप महतो 2017 में भी दुष्कर्म के आरोप में जेल गया था। जेल से निकलने के बाद उसने गांव में एक और दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया था। बाद में उक्त मामले को पंचायत स्तर पर सुलझा लिया गया था, लेकिन उक्त घटना के बाद उसने एक और दलित लड़की के साथ दुष्कर्म किया।