Road Accident: राष्ट्रीय उच्च पथ 23 पेटरवार-बोकारो पथ पर सड़क हादसे में एक की मौत, एक जख्मी, चार घंटे तक रहा सड़क जाम
Road Accident: धनतेरस के दिन शनिवार सुबह करीब सवा आठ बजे राष्ट्रीय उच्च पथ 23 पेटरवार- बोकारो पथ पर थाना क्षेत्र के कोजरम मोड़ के पास बड़ी हादसा हुई, एक व्यक्ति की मौत, एक जख्मी।
न्यूज इंप्रेशन, संवाददाता
Bokaro: धनतेरस के दिन शनिवार सुबह करीब सवा आठ बजे राष्ट्रीय उच्च पथ 23 पेटरवार- बोकारो पथ पर थाना क्षेत्र के कोजरम मोड़ के पास बड़ी हादसा हुई। रांची से चलकर धनबाद जा रही शांति यात्री बस ने दूसरे वाहन को ओवरटेक करने के दौरान सड़क किनारे बाइक के सहारे खड़े दो लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। जिसमें रामचंद्र महतो ( 60 वर्ष) की मौत घटना स्थल पर ही हो गई। वहीं, इस घटना में कोजरम मांझी टोला निवासी शिव लाल सोरेन (45 वर्ष) गंभीर रूप से जख्मी गया। उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पेटरवार में इलाज के लिए भर्ती करवाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सा पदाधिकारी डॉ संजय कुमार ने सदर अस्पताल बोकारो के लिए रेफर कर दिया।
गुस्साए लोगों ने किया सड़क जाम
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। सड़क जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई है। यात्री बसों सहित छोटे वाहनों को रास्ता बदल कर जाना पड़ा। लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जानकारी के अनुसार उत्तासारा पंचायत के सलगाडीह निवासी रामचंद्र महतो और दारिद पंचायत के कोजरम मांझी टोला निवासी शिव लाल सोरेन कोजरम मोड़ के पास एक बाइक संख्या (जेएच 02 एच 0468) पकड़कर खड़े थे। इसी दौरान रांची से धनबाद जा रही शांति बस संख्या (जेएच 09 जेड 6716) ने एक अन्य वाहन को ओवरटेक करने के दौरान बस का चालक अपना नियंत्रण खो दिया। बाइक के सहारे खड़े दोनों को कुचल दिया। जिसमें रामचंद्र महतो की मौत मौके पर हो गई। वहीं शिव लाल सोरेन को गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
15 वर्ष पूर्व ली थी वोलेंट्री रिटायर्ड
मृतक रामचंद्र महतो बोकारो इस्पात संयंत्र का कर्मी था। 15 वर्ष पूर्व उसने वोलेंट्री रिटायर्डमेंट ले ली थी। घर में रहकर खेती-बाड़ी कर रहे थे।
वार्ता के बाद हटी सड़क जाम
पेटरवार थाना में मृतक और घायल के परिजनो, मंत्री योगेंद्र प्रसाद के प्रतिनिधि मुकेश कुमार महतो, जिप सदस्य प्रहलाद महतो, सीओ अशोक राम, बीडीओ संतोष कुमार महतो, पेटरवार थाना प्रभारी राजू कुमार मुंडा, कसमार थाना प्रभारी भजन लाल महतो, दारिद मुखिया गोपाल मुंडा, पूर्व मुखिया महेंद्र मुंडा और शांति बस के प्रतिनिधि फारुख अंसारी व रत्नेश मिश्रा के बीच वार्ता हुई। वार्ता के बाद बस मालिक ने मृतक के आश्रित को एक लाख रुपये के अलावा सरकारी लाभ व घायल व्यक्ति का इलाज कराने की बात पर सहमति बनी। वार्ता के 4 घंटे बाद सड़क जाम हटा। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल तेनुघाट भेज दिया है।
सात दिन पहले हुए थी सड़क हादसा
मालूम हो कि विगत 12 अक्तूबर को अंसारी मोड़ के पास एक ट्रक ने अम्बाडीह गांव निवासी जानकी महतो को बुरी तरह कुचल दिया था, जिससे उसकी मौत हो गई थी।