Nagapalika Election 2026: चास नगर निगम व फुसरो नगर परिषद चुनाव के 201 मतदान केंद्रों पर 23 फरवरी को आज होगा वोटिंग

Nagapalika Election 2026: 23 फरवरी को होने वाले चास नगर निगम और फुसरो नगर परिषद के कुल 201 मतदान केंद्रों पर होने वाले चुनाव के लिए रविवार को सेक्टर 8बी स्थित डीएवी इस्पात पब्लिक स्कूल में बने डिस्पैच सेंटर से बैलेट बाक्स, सामग्री उपलब्ध कराया गया।

 

न्यूज इंप्रेशन, संवाददाता
Bokaro: 23 फरवरी यानी सोमवार को होने वाले चास नगर निगम और फुसरो नगर परिषद के कुल 201 मतदान केंद्रों पर होने वाले चुनाव के लिए रविवार को सेक्टर 8बी स्थित डीएवी इस्पात पब्लिक स्कूल में बने डिस्पैच सेंटर से बैलेट बाक्स, सामग्री उपलब्ध कराया गया। मतदान सुबह सात बजे से प्रारंभ होगा जो शाम 5 बजे तक चलेगा।
बैलेट बाक्स, सामग्री प्राप्त कर सेक्टर पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी व मतदानकर्मी अपने-अपने दल के साथ दोनों क्षेत्र स्थित विभिन्न मतदान केंद्रों की ओर रवाना हो गए। बैलेट बाक्स, सामग्री लेने के लिए डिस्पैच सेंटर में सुबह से ही सेक्टर पदाधिकारी, मतदान कर्मियों, पुलिस पदाधिकारी, जवान आदि पहुंचने लगे थे। कर्मियों ने अपने-अपने क्षेत्र के लिए बने पंडालों में मतदान केंद्र वार लगाएं गए टेबल पर बैठ कर बैलेट बाक्स, सामग्री प्राप्त किया। इसके बाद कड़ी सुरक्षा के बीच चुनाव सामग्री के साथ मतदान कर्मी को बड़े-छोटे वाहनों से मतदान केंद्रों की ओर रवाना किया गया।

रवानगी तक मुस्तैद रहें डीसी व एसपी

मतदान कर्मियों के रवानगी तक डिस्पैच सेंटर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अजय नाथ झा, पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह, उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, डीपीएलआर मेनका, अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी मो. सफीक आलम, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार समेत दोनों क्षेत्रों के निर्वाची पदाधिकारी सह चास अनुमंडल पदाधिकारी प्रांजल ढ़ांडा व बेरमो मुकेश मछुआ मुस्तैद रहें। अपनी देख-रेख में सभी मतदान कर्मियों को मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया। इसके अलावा विभिन्न पंडालों के लिए बनाएं गए वरीय पदाधिकारी, सहायक निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी सह बीडीओ/सीओ, संबंधित कोषांगों के वरीय पदाधिकारी/नोडल पदाधिकारी भी अपने दायित्वों के निष्पादन में कार्य समाप्ति तक डटे रहें। वहीं, नगर पालिका (आम) निर्वाचन के लिए सामान्य प्रेक्षक श्याम नारायण राम व मो. सादात अनवर ने डिस्पैच सेंटर से मतदान दल रवानगी कार्य का जायजा लिया।

222 मतदान दल हुए रवाना

नगर पालिका (आम) निर्वाचन के तहत डिस्पैच सेंटर से जिला अंतर्गत दोनों निकायों के लिए कुल 222 मतदान दलों को विभिन्न मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। जिसमें चास नगर निगम क्षेत्र के 136 मतदान केंद्रों के लिए 150 मतदान दल एवं फुसरो नगर परिषद क्षेत्र के 65 मतदान केंद्रों के लिए 72 मतदान दल रवाना हुए। मतदान कार्य में कुल 1110 मतदान कर्मियों को प्रतिनियुक्त किया गया है। जिसमें रिजर्व मतदान कर्मी भी शामिल है।

2,27,155 मतदाता करेंगे मतदान

जिले के दोनों निकायों में कुल मतदाताओं की कुल संख्या 2,27,155 है। इसमें चास नगर निगम क्षेत्र में कुल मतदाता 1,62,073 है, जिसमें पुरूष मतदाता 83,106, महिला मतदाता 78,950 अन्य मतदाता 17 शामिल हैं। इसी तरह, फुसरो नगर परिषद क्षेत्र में कुल मतदाता 65,082 है, जिसमें पुरूष मतदाता 33,292 एवं महिला मतदाता 31,790 शामिल है। निर्वाचन के सफल संचालन को लेकर जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है।

385 उम्मीदवारों के भाग्य पर वोटर लगाएंगे मुहर
चास नगर निगम व फुसरो नगर परिषद क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला सोमवार को जनता करेगी। चास नगर निगम क्षेत्र से महापौर पद के लिए 31 और वार्ड पार्षद के 216 उम्मीदवार चुनाव मैदान में है। वहीं, फुसरो नगर परिषद क्षेत्र से अध्यक्ष पद के लिए 9 और वार्ड पार्षद पद के लिए 129 उम्मीदवार मैदान में है।
चुनाव प्रचार में पूरी उम्मीदवारों ने अपनी ताकत झोक दी है। सोमवार को दोनों इलाके के मतदाता स्थानीय सरकार बनाने के लिए मतदाता मुहर लगाएंगे। चास नगर निगम क्षेत्र में महापौर पद के लिए 31 व वार्ड पार्षद के लिए 216 उम्मीदवार हैं। चास नगर निगम में वोटरों की संख्या 162073 हैं। चास इलाके में 35 वार्ड में 136 मतदान केंद्र बनाए गये हैं।
65082 मतदाता मतपत्रों पर लगाएंगे मुहर
फुसरो नगर परिषद चुनाव में सोमवार को 65082 मतदाता, जिसमें 31790 महिलाएं और 33292 पुरुष हैं, अपने मताधिकार का प्रयोग करते हुए मतपत्रों पर मुहर मार कर मतदान करेंगे। फुसरो शहर में चौथी बार बन रही इस निकाय चुनाव में चेयरमैन के लिए अनुसूचित जाति महिला की 9 प्रत्याशी तथा 28 वार्डों में पार्षद पद के लिए 67 महिलाएं और 62 पुरुष चुनाव मैदान में हैं। कुल 65 बूथों में मतदान होंगे। अध्यक्ष के लिए गुलाबी और वार्ड पार्षद के लिए उजले मतपत्र होंगे।

कंट्रोल रूम सुबह 6 बजे से लगातार रहेगा संचालित रहेगा
नगर पालिका (आम) निर्वाचन के सफल एवं सुचारु संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। सभी मतदानकर्मी अपने-अपने मतदान केंद्रों पर सकुशल पहुंच गए हैं, जिससे मतदान प्रक्रिया निर्धारित समय पर प्रारंभ कराने की तैयारी सुनिश्चित हो गई है। मतदान दिवस पर त्वरित समन्वय एवं निगरानी के उद्देश्य से समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। यह कंट्रोल रूम मतदान दिवस पर सुबह 6 बजे से लगातार संचालित रहेगा। कंट्रोल रूम के संचालन के लिए चास नगर निगम क्षेत्र के लिए 11 तथा फुसरो नगर क्षेत्र के लिए 6 कर्मियों की टीम प्रतिनियुक्त की गई है, जो मतदान से संबंधित सूचनाओं का संकलन एवं समन्वय करेंगे। कंट्रोल रूम में प्रतिनियुक्त कर्मियों द्वारा रविवार को सभी मतदान दलों से दूरभाष के माध्यम से संपर्क स्थापित कर उनके मतदान केंद्रों पर सकुशल पहुंचने का कुशल-क्षेम प्राप्त किया गया। साथ ही मतदान दलों को निर्देश दिया गया कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल कंट्रोल रूम को सूचित करें, ताकि त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके। कंट्रोल रूम के संचालन के लिए अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी को वरीय नोडल पदाधिकारी नामित किया गया है।
12 वैकल्पिक फोटो पहचान पत्र दिखाकर कर सकेंगे मतदान
नगर पालिका (आम) निर्वाचन के तहत जिले के शहरी क्षेत्रों में 23 फरवरी यानी सोमवार को मतदान आयोजित किया जाएगा। चुनाव को लेकर प्रशासन द्वारा मतदाताओं की सुविधा के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। निर्देशानुसार मतदान के समय मतदाताओं को अपना मतदाता फोटो पहचान पत्र (ईपीक) प्रस्तुत करना होगा। हालांकि, यदि किसी कारणवश मतदाता अपने साथ ईपीक नहीं ला पाते हैं, तो वे वैकल्पिक फोटोयुक्त पहचान दस्तावेज प्रस्तुत कर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे।

12 प्रकार के वैकल्पिक पहचान दस्तावेज मान्य

राज्य निर्वाचन आयोग ने मतदान के लिए ईपीक के अलावा 12 प्रकार के फोटोयुक्त दस्तावेजों को मान्यता दी गई है। इनमें पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, केंद्र या राज्य सरकार/सार्वजनिक उपक्रमों द्वारा जारी फोटोयुक्त सेवा पहचान पत्र, बैंक या डाकघर की फोटोयुक्त पासबुक, पैन कार्ड, राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर (एनपीआर) कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, श्रम मंत्रालय का स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड, फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज, आधार कार्ड, सांसद/विधायक/पार्षद पहचान पत्र तथा विशिष्ट दिव्यांगता पहचान पत्र (यूडीआईडी) शामिल
चुनाव को ले 11 प्रमुख प्रवेश बिंदुओं पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद
नगर पालिका आम निर्वाचन को लेकर चास अनुमंडल प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारी की है। निर्वाची पदाधिकारी सह चास अनुमंडल पदाधिकारी प्रांजल ढ़ांडा ने चिरा चास, चास थाना एवं पिण्ड्राजोरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले प्रमुख सीमावर्ती मार्गों को 22 फरवरी से मतदान समाप्ति तक सील किया है। इन स्थानों पर बैरिकेडिंग कर आवागमन पर निगरानी रखी जाएगी। चुनाव अवधि के दौरान बाहरी तत्वों की आवाजाही रोकने तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सीमावर्ती मार्गों को नियंत्रित करना आवश्यक बताया गया है।

11 प्रमुख स्थानों पर रहेगा सुरक्षा घेरा

प्रशासन ने जिन स्थानों को बोर्डर सीलिंग के लिए चिन्हित किया गया है, उनमें पाण्डेय पुल चिरा चास, चिटाई मंदिर चन्दनकियारी रोड, सनराइज पब्लिक स्कूल तेलगड़िया मोड़, सेक्टर-6 पुल चिरा चास, फुदनीडीह-नवाडीह मार्ग, सेक्टर-1/सी पुल भर्रा (बड़ी एवं छोटी पुल), जियो पेट्रोल पंप एनएच मुख्य मार्ग, आदर्श कॉलोनी गायघाट (सेक्टर-12 मार्ग), भोजपुर कॉलोनी (सेक्टर-1 मार्ग) तथा गरगा पुल एनएच-23 फोरलेन शामिल हैं। इन मार्गों से विभिन्न वार्डों में प्रवेश होता है, जिसके कारण चुनाव के दौरान इन स्थानों को संवेदनशील माना गया है। प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि चुनाव अवधि में जारी सुरक्षा एवं यातायात निर्देशों का पालन करें तथा शांतिपूर्ण मतदान में सहयोग दें। यह व्यवस्था चास नगर निगम (वर्ग-ख) महापौर पद के चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से की जा रही है।
अतिसंवेदनशील बूथों पर बरते सतर्कता
नगर पालिका (आम) निर्वाचन की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। इसी क्रम में रविवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अजय नाथ झा एवं पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने सेक्टर 12 स्थित पुलिस लाइन में पुलिस पदाधिकारियों के साथ ज्वाइंट ब्रीफिंग की। बैठक में अधिकारियों को निर्वाचन कार्य को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। डीईओ सह डीसी ने सभी पदाधिकारियों को जिला नियंत्रण कक्ष से लगातार संपर्क में रहने, संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील बूथों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। वहीं, एसपी ने कहा कि चुनाव ड्यूटी में तैनात सभी पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने दायित्व का सही से निर्वहन करेंगे तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या असामाजिक गतिविधि पर वरीय पदाधिकारियों को सूचित करते हुए त्वरित कार्रवाई करेंगे। उन्होंने निर्देश दिया कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल पूरी तरह तैयार रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *