Minister Of Environment Kirtivardhan Singh News: दामोदर नदी को अगर अतिक्रमित किया जा रहा है तो डीसी से रिपोर्ट मांगकर करवाएंगे जांच
Minister Of Environment Kirtivardhan Singh News: वन पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन एवं विदेश राज्यमंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने सोमवार को बोकारो परिसदन में उपायुक्त सहित अन्य पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आकांक्षी जिला व आकांक्षी प्रखंड के तहत किए गए कार्यो की प्रगति की समीक्षा की। गिरिडीह सांसद व बोकारो विधायक के साथ भी बैठक कर योजनाओं की स्थिति से अवगत हुए। साथ जिले के कई स्थानों का निरीक्षण किया।
न्यूज इंप्रेशन, संवाददाता
Bokaro: वन पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन एवं विदेश राज्यमंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने सोमवार को बोकारो परिसदन में उपायुक्त विजया जाधव सहित जिले के अन्य पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आकांक्षी जिला व आकांक्षी प्रखंड के तहत किए गए कार्यो की प्रगति की समीक्षा की।
बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए मंत्री ने कहा कि जिले में केंद्र की योजनाओं का क्रियान्यवन कैसा हो रहा है, इसकी मॉनिटरिंग करने आएं है। एक-एक विषय पर विस्तार से चर्चा करते हुए अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिया गया। पत्रकारों के सवाल के जवाब में मंत्री ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का साफ निर्देश है कि जितने भी जलाशय हैं, उसका अतिक्रमण नहीं किया जा सकता। यदि गरगा व दामोदर नदी को अतिक्रमित किया जा रहा है तो बोकारो उपायुक्त से इसकी रिपोर्ट मांगकर जांच करवाएंगे। मौके पर एसी मो मुमताज अंसारी, डीपीएलआर निदेशक मेनका, डीटीओ वंदना सेजवलकर सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
मंत्री ने समस्याओं के समाधान का दिया आश्वासन
मंत्री ने गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी व बोकारो विधायक श्वेता सिंह के साथ भी बैठक की। विधायक श्रीमती सिंह ने मंत्री के सामने दामोदर नदी व गरगा नदी में प्रदूषण, अवैध रूप से नदियों का अतिक्रमण, सेल की चिमनियों से निकलने वाला धुआं व बियाडा क्षेत्र के प्रदूषण व कुछ स्थानों पर लगातार वन विभागों की जमीन-पहाड़ों को किए जा रहे अतिक्रमण के मुद्दों से अवगत कराया। मंत्री ने आश्वस्त किया कि जल्द ही इन समस्याओं का समाधान किया जाएगा। मंत्री ने चास के कांड्रा के नगर वन का निरीक्षण किया। मौके पर जिला वन प्रमंडल पदाधिकारी को उच्चस्तरीय नगर वन में विकसित किए जाने के लिए डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर स्वीकृति के लिए भेजे जाने के लिए निदेशित किया गया।
महिलाओं को स्वावलंबी बनाने की दिशा में काम कर रही है मोदी सरकार : राज्यमंत्री
राज्यमंत्री ने कसमार प्रखंड के फार्म टांड़ स्थित झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी द्वारा संचालित कसमार आजीविका संसाधन केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान मंत्री ने महिला समूहों द्वारा मुर्गी पालन एवं अंडे के उत्पादन को लेकर लगे स्टॉल का निरीक्षण किया। सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने नए महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया। जिले के भेंडरा में लौह कुटीर उत्पादन द्वारा लगाए गये स्टॉल में लगाए उत्पादों की सराहना की। कहा कि मोदी सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए महिला स्वयं सहायता समूहों को कई प्रकार की योजनाओं से जोड़ने का काम कर रही है। आने वाले दिनों में एक-एक समूहों को उनकी कुशलता के अनुसार ऋण देकर उसे आत्मनिर्भर बनाने का काम करेंगी।
बोकारो जिले का कसमार आकांक्षी प्रखंड भी है
राज्यमंत्री ने कहा कि बोकारो जिले का कसमार आकांक्षी प्रखंड भी है। जहां स्वास्थ्य और पोषण पर विशेष जोर दिया गया है। इसकी सीधी मॉनिटरिंग भारत सरकार करती है। बोकारो के अलावा झारखंड के 34 प्रखंडों को आकांक्षी प्रखंड मे शामिल किया गया है। फिलहाल बोकारो में इसकी स्थिति काफी अच्छी है। स्वास्थ्य एवं पोषण, कृषि, जल संसाधन, वित्तीय समावेशन, कौशल विकास, आधारभूत संरचना और प्रखंड सामाजिक उत्थान पर काम करेंगी। मौके पर डीएफओ रजनीश कुमार, बेरमो एसडीओ मुकेश मछुआ, कसमार बीडीओ नम्रता जोशी, डीपीएम अनिल डुंगडुंग, जिला योजना पदाधिकारी राजकुमार शर्मा, वरीय लेखा पदाधिकारी पंकज दूबे सहित अन्य लोग मौजूद थे। राज्यमंत्री ने कमलापुर स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय का भी निरीक्षण किया।
मंत्री ने स्वास्थ्य केंद्र का किया निरीक्षण
मंत्री ने पेटरवार स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एमरजेंसी वार्ड, प्रसूति वार्ड, कुपोषण वार्ड, मॉड्यूलर ऑपरेशन थियेटर का निरीक्षण किया। इसके पूर्व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ कुंदन राज ने पुष्पगुच्छ देकर केंद्रीय मंत्री का स्वागत किया। मंत्री ने सीएचसी की साफ सफाई देखकर प्रसन्न हुए और अस्पताल प्रबंधन की तारीफ की। कहा कि इसकी चर्चा केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री से करेंगे। इसके बाद केंद्रीय राज्य मंत्री पेटरवार स्थित वन विभाग के अतिथिशाला में कुछ देर के लिए रुके। वहां पर उन्होंने वन परिसर में नाग चम्पा नामक पौधे का रोपण भी किया। मौके पर बीडीओ संतोष कुमार महतो, सीओ अशोक राम सहित अन्य मौजूद रहे।