Lok Sabha Election 2024: आगामी 20 व 25 मई को चतरा, कोडरमा, गिरिडीह, धनबाद, रांची, जमशेदपुर व हजारीबाग संसदीय क्षेत्र में मतदान होगा। इन जिलों के मतदान कर्मियों ने मंगलवार को पोस्टल बैलेट से मताधिकार का प्रयोग किया।
न्यूज इंप्रेशन, संवाददाता
Bokaro: आगामी 20 व 25 मई को चतरा, कोडरमा, गिरिडीह, धनबाद, रांची, जमशेदपुर व हजारीबाग संसदीय क्षेत्र में मतदान होगा। इन जिलों के 1314 मतदान कर्मियों ने मंगलवार को पोस्टल बैलेट के माध्यम से अपना मतदान किया। ये वैसे वोटर्स हैं जो बोकारो जिले में मतदानकर्मी, पदाधिकारी, सेक्टर पदाधिकारी व पुलिस जवान, झारखंड शस्त्र पुलिस बल (जेएपीएफ), केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआइएसएफ) के रूप में यहां कार्यरत हैं और मतदान कार्य में अपनी भूमिका निभा रहे हैं। पोस्टल बैलेट से मतदान को लेकर इनके लिए पांच सुविधा केन्द्र बनाए गये हैं। इनमें मुख्य रूप से प्रशिक्षण केन्द्र बोकारो इस्पात सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर 2सी, प्रशिक्षण केन्द्र बोकारो इस्पात सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर 2डी, कैंप टू स्थित श्रम अधीक्षक कार्यालय, पुलिस केन्द्र, सेक्टर 12 व बीएमपी बोकारो शामिल है।
सुबह साढ़े नौ बजे से 5 बजे तक किया मतदान पोस्टल बैलेट से मतदान को लेकर पांच सेंटरों पर भारी भीड़ थी। सुबह साढ़े नौ बजे से लेकर शाम 5 बजे तक कतार में खड़े होकर मतदानकर्मियों, पदाधिकारियों, सेक्टर पदाधिकारियों सहित पुलिस जवानों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। 5 केंद्रों पर कुल 1314 मतदाताओं ने पोस्टल बैलेट के माध्यम से अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
रांची व जमशेदपुर के लिए नहीं किया मतदान मंगलवार को चतरा संसदीय क्षेत्र के लिए 63 मतदाता, कोडरमा संसदीय क्षेत्र के लिए 67 मतदाता, गिरिडीह संसदीय क्षेत्र के लिए 446 मतदाता, धनबाद संसदीय क्षेत्र के लिए 680, हजारीबाग संसदीय क्षेत्र के लिए 66 मतदाताओं ने मतदान किया। वहीं, रांची व जमशेदपुर संसदीय क्षेत्र के लिए एक भी मतदाता ने मतदान नहीं किया।