Lohardaga jila Patrkar Sangh: शिव अग्रवाल ने कहा—पत्रकारिता की लक्ष्मण रेखा को न लांघें
Lohardaga jila Patrkar Sangh: जिला पत्रकार संघ लोहरदगा की ओर से बुधवार को शहर के होटल न्यू लेक एवेन्यू में मुख्यधारा की पत्रकारिता और वर्तमान चुनौतियां विषय पर एक महत्वपूर्ण परिचर्चा कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
न्यूज इंप्रेशन, संवाददाता
Lohardaga: जिला पत्रकार संघ लोहरदगा की ओर से बुधवार को शहर के होटल न्यू लेक एवेन्यू में मुख्यधारा की पत्रकारिता और वर्तमान चुनौतियां विषय पर एक महत्वपूर्ण परिचर्चा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, डिजिटल दौर की चुनौतियों, पत्रकारों के कार्य व्यवहार और फर्जी पत्रकारिता पर रोक लगाने जैसे अहम विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में झारखंड यूनियन आफ जर्नलिस्ट के प्रदेश अध्यक्ष शिवकुमार अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि गोपी कृषण कुंवर, राकेश कुमार सिन्हा, सत्यकाम, कयूम खान विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पत्रकार संघ लोहरदगा के अध्यक्ष सतीश शाहदेव ने की। वहीं कार्यक्रम का संयोजन जिला महासचिव विक्रम चौहान, कार्यकारी अध्यक्ष सुमित घोष ने किया। जबकि कार्यक्रम का संचालन शाहिद रजा ने किया। कार्यक्रम में लंबे समय से निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता के लिए कार्य कर रहे वरिष्ठ पत्रकार लोकेश केसरी, विनोद प्रजापति, कयूम खान, सुदेश गुप्ता और प्रदीप गुप्ता को जिला पत्रकार संघ की ओर से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। परिचर्चा के दौरान मुख्य अतिथि शिवकुमार अग्रवाल ने कहा कि पत्रकारिता एक जिम्मेदारीपूर्ण और संवेदनशील कार्य है, जिसकी एक स्पष्ट लक्ष्मण रेखा है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को खबरों के प्रकाशन में नैतिकता, अनुशासन और सत्यनिष्ठा का पालन करना चाहिए और किसी भी परिस्थिति में पत्रकारिता की मर्यादा को नहीं लांघना चाहिए। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में सूचनाओं का प्रवाह तेजी से हो रहा है, ऐसे में पत्रकारों के सामने विश्वसनीयता बनाए रखना सबसे बड़ी चुनौती है। इसके लिए खबरों की सत्यता की पुष्टि और निष्पक्षता अनिवार्य है।
पत्रकारिता समाज के प्रति एक बड़ी जिम्मेदारी: गोपी कृष्ण कुंवर
वरिष्ठ पत्रकार गोपी कृष्ण कुंवर ने कहा कि पत्रकारिता समाज के प्रति एक बड़ी जिम्मेदारी है और पत्रकारों को अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और निष्पक्षता के साथ करना चाहिए।
फर्जी पत्रकारिता बड़ा खतरा : राकेश
वहीं राकेश कुमार सिन्हा ने फर्जी पत्रकारिता को पत्रकारिता की विश्वसनीयता के लिए बड़ा खतरा बताते हुए कहा कि इसकी पहचान कर इसे रोकना जरूरी है। उन्होंने कहा कि फर्जी पत्रकार समाज और पेशे दोनों की छवि को नुकसान पहुंचाते हैं।
पत्रकारिता उत्तेजना का नहीं, बल्कि विवेकपूर्ण निर्णय का कार्य : लौकेश
वरिष्ठ पत्रकार लोकेश केसरी ने कहा कि पत्रकारिता उत्तेजना का नहीं, बल्कि विवेकपूर्ण निर्णय का कार्य है। पत्रकारों को हर खबर को संतुलित और जिम्मेदारी के साथ प्रस्तुत करना चाहिए।
पत्रकारों को नियमों और संवेदनशीलता के साथ कार्य करना चाहिए : विनोद
वहीं विनोद प्रजापति ने कहा कि पत्रकारों को नियमों और संवेदनशीलता के साथ कार्य करना चाहिए, जिससे समाज में सकारात्मक संदेश जाए।
सीखने और सिखाने की प्रक्रिया लगातार चलती रहती : कयूम खान
वरिष्ठ पत्रकार कयूम खान ने कहा कि पत्रकारिता में सीखने और सिखाने की प्रक्रिया लगातार चलती रहती है और वरिष्ठ पत्रकारों का दायित्व है कि वे नए पत्रकारों का मार्गदर्शन करें।
खबरों को निष्पक्ष, सटीक और बिना किसी पूर्वाग्रह के प्रस्तुत करना चाहिए
कार्यक्रम के दौरान संचालन करते हुए कार्यालय प्रभारी शाहिद रजा ने कहा कि प्रेस काउंसिल आफ इंडिया के नियमों और सिद्धांतों का उल्लेख करते हुए कहा कि पत्रकारों को खबरों को निष्पक्ष, सटीक और बिना किसी पूर्वाग्रह के प्रस्तुत करना चाहिए। धर्म, जाति या समुदाय के आधार पर नफरत फैलाने वाली खबरों से बचना चाहिए और किसी के निजी जीवन में अनावश्यक हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए। साथ ही पेड न्यूज जैसी कुप्रथा पर सख्ती से रोक लगाने की जरूरत पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में ये थे मौजूद
कार्यक्रम का समापन कार्यकारी अध्यक्ष सुमित घोष के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार गोपी कृष्ण कुंवर, राकेश कुमार सिन्हा, सत्यकाम, राजेश प्रसाद गुप्ता, संजय अग्रवाल, संजय कुमार सिंह, अमित वर्मा, प्रीतम, अमित राज, पारस कुमार साहू, शंभु प्रसाद सोनी, गफ्फार अंसारी, अमर गोस्वामी, रोहित तमेड़ा, इमरान, संदीप कुमार, वसीम अकरम, शकील अंसारी, संजय साहू, समीद अंसारी, कृष्ण कुमार मिश्रा, आलोक कुमार, राजेश प्रसाद गुप्ता, कुलदीप कच्छप, अनिल कुमार साहू, पप्पू खान, आकाश साहू, दानिश, विनोद प्रजापति, रवि साहू, राहुल कुमार चौधरी सहित जिले के कई वरिष्ठ पत्रकार और प्रखंड के पत्रकार मौजूद थे।

