Khelo Jharkhand state lavel Volleyball Championship : अंडर 17 व अंडर 19 वालीबॉल में बोकारो जिला बना चैम्पियन, तीरंदाजी प्रतियोगिता में बोकारो को मिला सात पदक
Khelo Jharkhand state lavel Volleyball Championship : खेलो झारखंड का राज्यस्तरीय वालीबॉल चैम्पियनशिप में अंडर 17 व अंडर 19 वालीबॉल में बोकारो जिला टीम रहा चैम्पियन। तीरंदाजी प्रतियोगिता में बोकारो को मिला सात पदक।
न्यूज इंप्रेशन, संवाददाता
Bokaro: खेलो झारखंड का राज्यस्तरीय वालीबॉल चैम्पियनशिप (Khelo Jharkhand state lavel Volleyball Championship) में अंडर 17 व अंडर 19 वालीबॉल में बोकारो जिला चैम्पियन रहा। वहीं, तीरंदाजी प्रतियोगिता में बोकारो को 7 पदक मिला।
अंडर-19 बालक वर्ग के वॉलीबॉल टूर्नामेंट में बोकारो जिला टीम ने मेजबान रांची जिला टीम को लगातार दो सेट में 25-23 व 25-20 अंक से पराजित कर प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में प्रवेश किया। इसके बाद प्रतियोगिता के फाईनल मैच में बोकारो जिला के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए विपक्षी टीम लोहरदगा टीम को लगातार दो सेट में 25-05 व 25-09 अंक से पराजित कर अंडर 19 वालीबॉल चैम्पियन बना।
रामगढ को किया पराजित
अंडर 17 वालीबॉल टूर्नामेंट में बोकारो जिले के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता के फाईनल मैच में विपक्षी टीम रामगढ़ को लगातार दो सेट में 25-11 व 25- 07 अंक से पराजित कर चैम्पियन बना। इस प्रकार से बोकारो जिला की वालीबॉल टीम अंडर 17 व अंडर 19 वालीबॉल के दोनो ग्रुप में चैम्पियन बना। वालीबॉल टीम का दोनों ग्रुप में चैम्पियन बनने पर जिला शिक्षा पदाधिकारी जगरनाथ लोहरा व एडीपीओ ज्योति खालको ने दोनों टीम के खिलाड़ियों व टीम कोच डॉ रविभूषण, अरूण कुमार मिश्रा, ब्रजेश कुमार व प्रशांतकुमार ओझा को बधाई व शुभकामनाएं दी। स्कूली शिक्षा व साक्षरता विभाग की ओर से राज्य स्तरीय अंडर 17 व अंडर 19 वॉलीबॉल टूर्नामेंट का आयोजन रांची के खेल गांव स्टेडियम में किया गया था।
तीरंदाजी प्रतियोगिता में बोकारो को सात पदक
इसी प्रकार राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में अंडर 14 बालिका वर्ग में 30 मी में बोकारो के खिलाड़ी ने ब्रॉज मेडल व 20 मी प्रतियोगिता में सिल्वर मेडल प्राप्त करने में सफलता हासिल की। खेलो झारखंड का राज्य स्तरीय एसजीएफआई तीरंदाजी प्रतियोगिता का आयोजन मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स खेलगांव होटवार रांची में किया गया। जिसमें बोकारो के बालिका तीरंदाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन रजत व चार कांस्य पदक के साथ कुल सात पदक जीता। पदक विजेता अंडर 14 बालिका वर्ग में नेहा कुमारी ने दो रजत एक कांस्य पदक जीता। अंडर 14 बालिका टीम स्पर्धा में नेहा कुमारी, पिंकी महतो, डोली महतो व रीमा कुमारी ने कांस्य पदक जीता। अंडर 17 बालिका वर्ग के टीम स्पर्धा में रेशमा खातून, मंदिरा कुमारी, उषा कुमारी, संजू कुमारी ने कांस्य पदक जीता। अंडर 19 बालिका व्यक्तिगत स्पर्धा में किरण प्रभा महतो ने रजत पदक जीता। अंडर 19 बालिका वर्ग में टीम स्पर्धा में किरण प्रभा महतो, गुड्डू कुमारी, सरस्वती कुमारी व निशा कुमारी ने कांस्य पदक जीता। राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रशिक्षक सह बोकारो जिला तीरंदाजी संघ के महासचिव करण कुमार कर्मकार ने खिलाड़ियों सहित टीम मैनेजर प्रतिभा कुमारी व शारीरिक शिक्षक पंकज तिवारी व शिव शेवक मिश्रा को बधाई व शुभकामनाएं दी।