धर्म-कर्म : कलश यात्रा के साथ तीन दिवसीय शिव शक्ति प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ शुरू
Bokaro: बोकारो जिले के नावाडीह प्रखंड के पेंक नारायणपुर थाना परिसर में थाना प्रभारी सुमन कुमार द्वारा नवनिर्मित शिव मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा तीन दिवसीय श्रीश्री 1008 शिव शक्ति प्राण प्रतिष्ठा रुद्र महायज्ञ को लेकर भव्य कलश यात्रा निकाली गई।
यज्ञ में नौ पंचायत से श्रद्धालु भक्त शामिल हुए। यज्ञ स्थल से थाना प्रभारी व उनकी धर्मपत्नी सुरुचि कुमारी देवी ने महिलाएं और युवतियों के सिर पर कलश रखकर चकगड़वा नदी छठ घाट के लिए रवाना किया। प्राण प्रतिष्ठा 18 फरवरी को महाशिवरात्रि के दिन किया जाएगा। वही अंतिम दिन पूर्णाहुति कर भंडारा का आयोजन किया जाएगा। कलश यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र हर हर महादेव व बम बम भोले के नारों से गुंजायमान रहा। 211 कलशों में नदी से जल भरकर यज्ञाचार्य सत्येंद्र पांडे के द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ गांव भ्रमण कर यज्ञ स्थल पहुंचें। वहीं, क्षेत्र की जनता इस नेक कार्य के लिए थाना प्रभारी को सराहनीय कार्य बताया। क्षेत्र की जनता में खुशी का माहौल देखा गया। यज्ञ कर्ता सह थाना प्रभारी ने बताया कि शुक्रवार को वेदी पूजन, अधिवास कार्य, नगर भ्रमण और 18 फरवरी को प्राण प्रतिष्ठा, रुद्राभिषेक हवन, पूर्णाहुति व भंडारा का आयोजन किया जाएगा। मौके पर मुखिया सुख मति देवी, पंचायत समिति सदस्य प्रीति कुमारी, पेंक थाना के एएसआई कुलदीप महतो, मुन्ना कुमार राणा, देवेश कुमार, छोट्टी शर्मा सहित भारी संख्या में ग्रामवासी शामिल थे।