Jayant kidnapping Murder Case: जयंत हत्याकांड के मास्टरमाइंड बिनोद खोपड़ी सहित छह को पुलिस ने भेजा जेल, इगो को लेकर हुई घटना
Jayant kidnapping Murder Case: बोकारो के हरला थाना क्षेत्र से पांच दिन से लापता जयंत कुमार सिंह की हत्या सेक्टर 8डी के स्कूल मैदान में लाठी से पीट-पीट कर की गयी थी।गिरफ्तार छह अभियुक्तों में उर्फ बिनोद खोपड़ी सहित अन्य शामिल।
न्यूज इंप्रेशन, संवाददाता
Bokaro: बोकारो के हरला थाना क्षेत्र से पांच दिन से लापता जयंत कुमार सिंह की हत्या सेक्टर 8डी के स्कूल मैदान में लाठी से पीट-पीट कर की गयी थी। मुख्य साजिशकर्ता विनोद कुमार उर्फ विनोद खोपडी था। पूरे घटनाक्रम में वरूण कुमार उर्फ वरूण पासवान की भूमिका संदिग्ध रही है। घटना इगो को लेकर हुई। आठ दिसंबर को विनोद कुमार उर्फ विनोद खोपडी से जयंत की गाडी के मामले में मोबाइल पर बहस हुई। मामले को पाटने के लिए वरूण सामने आया। वरूण पहले से ही विनोद कुमार व जयंत सिंह का करीबी था।
10 दिसंबर को जयंत को सेक्टर 8डी स्कूल मैदान में बुलाया
10 दिसंबर को वरूण ने जयंत को सेक्टर 8डी स्कूल मैदान में बुलाया। पहले दोनों ने शराब का सेवन किया। इसके बाद वरूण ने मैदान में अन्य लडकों को बुलाया। जयंत को सभी लडकों को सुपुर्द कर दिया। इसके बाद सभी ने जयंत के साथ लाठी से जमकर मारपीट की। इसी क्रम में जयंत की मौत हो गयी। यह जानकारी एसपी हरविंदर सिंह ने मंगलवार को संवाददाता सम्मेलन में पत्रकारों को दी। मौके पर सिटी डीएसपी आलोक रंजन, हरला इंस्पेक्टर खुर्शीद आलम आदि मौजूद थे।
पत्नी ने मुकेश व विनोद के खिलाफ अपहरण की एफआइआर करायी
एसपी ने बताया कि घटना के बाद जयंत के शव को एक कार (JH09AX-8065) में डालकर गिरिडीह जिला के पीरटाड़ थाना के जलेबिया घाटी के समीप खाई में फेक दिया। वरूण लौट कर जयंत की पत्नी अमृता सिंह के साथ 11 दिसंबर को हरला थाना गया। अमृता ने मुकेश राय व विनोद कुमार के खिलाफ थाना में अपहरण की एफआइआर करायी। इसके बाद एफआइआर की जानकारी भी वरूण ने मुकेश राय को दी। इसके बाद घटना में शामिल सभी आरोपी फरार हो गये। एफआइआर दर्ज होने के बाद पुलिस रेस हो गयी। एसआइटी का गठन किया गया। टीम ने डीएसपी आलोक रंजन के नेतृत्व में छापेमारी शुरू की। श्री सिंह ने बताया कि छापेमारी के दौरान 14 दिसंबर को ओडिसा के भुनेश्वर में एक होटल से विनोद कुमार उर्फ विनोद खोपडी को गिरफ्तार किया गया।
विनोद के निशानदेही पर 15 दिसंबर को शव जंगल से बरामद
विनोद के निशानदेही पर 15 दिसंबर को जयंत के शव को गिरिडीह जिला के जंगल से बरामद किया गया। देर शाम को पांच और अभियुक्त गिरफ्तार कर लिये गये। फरार चल रहे प्राथमिकी अभियुक्त मुकेश राय को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जायेगा। जहां तक जयंत के शव से आंख व कान गायब होने की बात सामने आ रही है। कई दिनों तक खाई में शव पडे रहने के कारण कीडे ने आंख व कान को क्षतिग्रस्त किया है। अन्य मामले की जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद सामने आ जायेगी।
गिरफ्तार छह अभियुक्तों में शामिल
गिरफ्तार अभियुक्तों में बिनोद कुमार उर्फ बिनोद खोपड़ी, मनोज कुमार उर्फ लुसी, संजय कुमार उर्फ संजय डोम, आनंद कुमार, वरुण कुमार उर्फ वरुण पासवान, संजय सिंह उर्फ कट्ठा शामिल है। जबकि मुकेश राय घटना के बाद से फरार है। पुलिस ने अभियुक्तों के पास से एक कार (JH09AX-8065), दो मोबाईल, चार लाठी बरामद किया है।
छापेमारी दल में शामिल पुलिस पदाधिकारी
छापामारी दल में सिटी डीएसपी आलोक रंजन, हरला थाना प्रभारी इंस्पेक्टर खुर्शीद आलम, बीएस सिटी थानेदार इंस्पेक्टर सुदामा कुमार दास, सेक्टर चार थानेदार इंस्पेक्टर संजय कुमार, माराफारी इंस्पेक्टर आजाद, अनुसंधानकर्ता पुअनि सहदेव कुमार साव, पुअनि अमन कुमार, पुअनि मनीष कुमार गुप्ता, पुअनि अवेंद्र साव, पुअनि सरज कुमार सहित सशस्त्र बल शामिल थे।
