Jamtada/Bermo Assembly Election : चुनावी सभा में जमकर गरजे मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, कहा कि औरंगजेब भी उतना हिंदू विरोधी नहीं था, जितना झामुमो-कांग्रेस
Jamtada/Bermo Assembly Election : मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने शनिवार को जामताड़ा व जैनामोड में चुनावी सभा को संबोधित किया। कहा—झारखंड को अपने तरीके से चलाना चाहते हैं आलमगीर आलम और इरफान अंसारी।
न्यूज इंप्रेशन, संवाददाता
असम के मुख्यमंत्री व झारखंड चुनाव सह प्रभारी हिमंता बिस्वा सरमा ने शनिवार को जामताड़ा व बेरमो विधानसभा क्षेत्र के जैनामोड स्थित मैदान में भाजपा प्रत्याशी रविन्द्र पांडेय के पक्ष में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। वहीं, बोकारो विधानसभा क्षेत्र में चास से जोधाडीह मोड़ तक रोड़ शो किया। मुख्यमंत्री बिस्वा ने कहा कि इस बार का चुनाव रोटी, बेटी व माटी की सुरक्षा के लिए है। उन्होंने झामुमो-कांग्रेस-राजद पर जमकर निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने सीता सोरेन के खिलाफ दिए गए बयान पर कहा कि इरफान अंसारी जैसे लोग महिलाओं का सम्मान नहीं करते। उन्होंने कहा कि अगर हमारा समाज एक रहेगा तो क्या इरफान अंसारी जैसे लोग चुनाव जीत पाएंगे। हमारा समाज बंट जाता है, लेकिन इस बार हम बटेंगे नहीं। हम एक रहेंगे तो इरफान अंसारी कभी भी यहां से चुनाव नहीं जीतेगा। हम एक रहेंगे तो किसी में हिम्मत नहीं होगी कि रामनवमी का जुलूस रोक दे। बिस्वा सरमा ने एक बार फिर ‘एक रहेंगे तो सेफ रहेंगे’ के नारे को दोहराया। ये चुनाव हमारी अस्मिता की लड़ाई का है बिस्वा सरमा ने कहा जो लोग इरफान अंसारी को वोट देंगे, तो कल अगर आपकी बेटी को उठा ले जाते हैं ये आपकी मदद नहीं करेंगे। इसलिए इरफान अंसारी को वोट देने से पहले सोच लें कि हमारे घऱ में भी बेटी है। उन्होंने कहा कि किसी को डरना नहीं है। अगर आप एक रहेंगे तो इरफान अंसारी और आलमगीर आलम हमारा बाल भी बांका नहीं कर सकते। जामताड़ा में इस बार चुनाव सीता सोरेन और इरफान अंसारी के बीच है। ये चुनाव हमारी अस्मिता की लड़ाई का है।
इरफान-आलमगीर आलम औरंगजेब और बाबर से भी ज्यादा हैं नीचे गिरे हुए
सरमा ने कहा कि पाकुड़, साहिबगंज और जामताड़ा जैसे इलाके में स्कूल शुक्रवार के दिन बंद किए जाते हैं, क्योंकि उस दिन नमाज पढ़ी जाती हैं। मैं पूछना चाहूंगा हमारे भारत के संविधान को हिंदू लोगों ने ही बनाया। हमारे लिए भी मंगलवार को स्कूल बंद होना चाहिए, हम भी हनुमान जी की पूजा करेंगे। मुख्यमंत्री बिस्वा सरमा ने कहा कि आलमगीर आलम और इरफान अंसारी झारखंड को अपने हिसाब से चलाने की कोशिश कर रहे हैं। मैंने पढ़ा था कि विधानसभा में नमाज कक्ष बनाया गया। हमारे लोगों ने प्रोटेस्ट किया। हो नहीं पाया लेकिन सरकार ने प्रस्ताव किया था कि झारखंड विधानसभा में नमाज के लिए व्यवस्था किया जाए। उन्होंने कहा कि हनुमान चालिसा के लिए भी व्यवस्था करनी चाहिए। आज रामनवमी जुलूस नहीं निकालने दिया जाता, दुर्गा मां के मंदिर में मूर्ति विसर्जन के लिए अनुमति नहीं मिलती है। लेकिन मोहर्रम का जुलूस कभी बंद नहीं हुआ है। सरमा ने कहा कि मोहर्रम के जुलूस से हमें कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन रामनवमी का भी जुलूस निकलेगा। औरंगजेब का शासन, बाबर का शासन भी देखा गया है। उन्होंने रामनवमी के जुलूस में किसी ने बाधा नहीं पहुंचाई, लेकिन इरफान अंसारी और आलमगीर आलम तो औरंगजेब और बाबर से भी ज्यादा नीचे गिरे हुए हैं।
बोकारो में रोड़ शो
मुख्यमंत्री बिस्वा सरमा ने बोकारो के चास स्थित चेक पोस्ट से लेकर जोधाडीह मोड़ तक रोड शो किया। रोड़ शो के दौरान वाहन पर सीएम के अलावा बोकारो विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी बिरंची नारायण सवार थे। रास्ते में सड़क के दोनों ओर खड़े लोगो ने बिस्वा सरमा का अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने चंदनकियारी विधानसभा में प्रेस वार्ता कर पत्रकारों से बात की।