Bokaro Steel Plant News: बोकारो स्टील प्लांट के हॉट स्ट्रिप मिल में शनिवार करीब 10 बजे के आसपास गैस लीकेज होने से प्लांट के अंदर अफरा-तफरी का माहौल हो गया। अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आधिकारिक तौर पर 26 कर्मचारी बोकारो जेनरल अस्पताल में भर्ती हैं, जिनकी स्थिति सामान्य है।
न्यूज इंप्रेशन, संवाददाता
Bokaro: बोकारो स्टील प्लांट के हॉट स्ट्रिप मिल में शनिवार करीब 10 बजे के आसपास गैस लीकेज होने से प्लांट के अंदर अफरा-तफरी का माहौल हो गया। अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आधिकारिक तौर पर 26 कर्मचारी बोकारो जेनरल अस्पताल में भर्ती है, जिनकी स्थिति सामान्य है। गैस लीकेज की खबर आग की तरह फैल गयी। पूरे प्लांट में अफरा तफरी का माहौल बन गया। कर्मचारियों को बाहर निकलने के लिए बोकारो स्टील प्लांट के मुख्य गेट भी खोल दिया गया है। उक्त स्थल पर कर्मचारियों के जाने पर रोक लगा दी गई है। घटना की खबर के बाद बोकारो उपायुक्त के आदेश पर उपविकास आयुक्त संदीप कुमार सहित अन्य पदाधिकारियों ने हॉट स्ट्रिप मिल पहुंचकर पूरी घटना की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि जो गेस लीकेज हुआ था, वह सल्फर डाइऑक्साइड (SO2) है। प्लांट के बाद टीम ने बोकारो जेनरल अस्पताल का भ्रमण किया। डीडीसी ने बताया कि बीजीएच में भर्ती सभी कर्मचारी खतरे से बाहर हैं। आमलोगों से अपील की गई है कि स्थिति को पैनिक बनाने की जरूरत नहीं है।
सभी की स्थिति ठीक
कई मजदूर यूनियन के नेताओं का कहना है कि गैस की चपेट में आने से 26 कर्मचारी बोकारो जेनरल अस्पताल में भर्ती है। सभी की स्थिति ठीक बताई जाती है। हालांकि जिला प्रशासन ने 26 कर्मियों के अस्पताल में भर्ती की पुष्टि की है। कर्मचारियों के बीजीएच में भर्ती की खबर सुनकर बोकारो विधायक बिरंची नारायण, यूनियन नेता व परिजन सहित आमजन पहुंचने लगे थे।
बीएसएल ने जारी किया अलर्ट, घबराने की बात नहीं
बोकारो स्टील प्लांट के मिक्स्ड गैस पाइप लाइन जिससे हॉट स्ट्रिप मिल के री हीटिंग फ़रनेस में गैस सप्लाई की जाती है, उसमें शनिवार सुबह पहले से ही तय प्रोग्राम के अनुसार मेंटेनस का काम चल रहा था। पाइप लाइन बंद था और इसमें कोई गैस नहीं थी। मेंटेनस के तहत एक कंपेनसेटर भी चेंज किया जाना था जिसके लिए पाइप लाइन में कटिंग एवं वेल्डिंग का काम हो रहा था। वेल्डिंग से निकलने वाले चिंगारी से पाइप लाइन के अंदर जमा Neptha, Sulphur इत्यादि जो ज्वलनशील होता है, उसमें आग पकड़ ली और काफ़ी धुंआ निकल आया जो पाइप लाइन के माध्यम से हॉट स्ट्रिप मिल तक फैल गया, इस कारण थोड़े समय के लिए अफरा तफरी हुई। पाइप लाइन से किसी प्रकार के गैस की लीकेज नहीं हुई है और कोई घबराने की बात नहीं है। आग बुझा दी गई है। हमारे वरीय अधिकारी साइट पर स्वयं हैं। कोई कर्मचारी हताहत नहीं हुआ है। उक्त जानकारी बीएसएल के संचार प्रमुख मणिकांत धान ने विज्ञप्ति जारी कर दी।
जिला प्रशासन हाई अलर्ट पर
बीएसएल प्लांट में गैस रिसाव की सूचना प्राप्त होने के बाद जिला प्रशासन हाई अलर्ट पर है। उपायुक्त विजया जाधव स्वयं पूरी स्थिति पर निगरानी रखें हुए है। मौके पर उप विकास आयुक्त संदीप कुमार, जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी शक्ति समेत अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी पहुंचे हुए हैं। एंबुलेंस एवं फायर बिग्रेड टीम भी राहत बचाव कार्य में जुटी हुई है। जिला प्रशासन ने कंपनी प्रबंधन से मामले में रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने कर्मियों एवं आमजनों से नहीं घबड़ाने को कहा है। स्थिति नियंत्रण में हैं। हर स्थिति से निपटने को प्रशासन तैयार है। डिप्टी कमांडेंट सीआइएसएफ को सुरक्षा मुल्यांकन का निर्देश दिया गया है। बीएसएल प्लांट के अधिकारी भी मौके पर मौजूद है।
प्रभावित कर्मियों से ली घटना की जानकारी उप विकास आयुक्त संदीप कुमार ने मौके पर प्रभावित कर्मियों से घटना के संबंध में जानकारी ली। वहीं,चिकित्सा कर रहें चिकित्सकों से उनके उपचार की जानकारी ली। मौके पर सिविल सर्जन डॉ दिनेश कुमार ने भी घायल कर्मी के स्वास्थ्य की जानकारी ली। जिला प्रशासन की ओर से जारी रिपोर्ट में घटना में 26 कर्मी के प्रभावित होने की पुष्टि की है। सभी का उपचार बोकारो जनरल अस्पताल में चल रहा है। ऐतिहातन चिकित्सकों की निगरानी में सभी को रखा गया है।