Dumari Bypoll Result 2023 : I.N.D.I.A . महागठबंधन की बेबी देवी के सिर सजा जीत का ताज, NDA की यशोदा को 17156 मतों से किया शिकस्त

Dumari Bypoll Result 2023 में  I.N.D.I.A . महागठबंधन की बेबी देवी के सिर सजा जीत का ताज, NDA की यशोदा को 17156 मतों से किया शिकस्त। जेएमएम के बेबी देवी को 1,00231 मत और आजसू के यशोदा देवी को 83,075 मत मिले। बेबी देवी ने कहा दिवंगत जगरनाथ महतो के अधूरे कामों को पूरा करेंगी।

न्यूज इंप्रेशन, संवाददाता

 Bokaro: झारखंड के डुमरी विधानसभा उपचुनाव (Dumari Bypoll Result 2023) का परिणाम जारी हो गया। जनता ने इंडिया गठबंधन समर्थित जेएमएम प्रत्याशी बेबी देवी के सिर पर जीत का ताज सजाया है। बेबी देवी ने एनडीए समर्थित आजसू के प्रत्याशी यशोदा देवी को 17156 मतों से शिकस्त दी।
मतों की गिनती के दौरान दोनों की बीच कांटे का टक्कर रहा। जेएमएम के बेबी देवी को 1,00231 मत और आजसू के यशोदा देवी को 83,075 मत मिले। जीत के बाद बेबी देवी ने कहा कि दिवंगत जगरनाथ महतो के अधूरे कामों को पूरा करेंगी। इंडिया महागठबंधन ने इस उपचुनाव में जीत के साथ जीत का आगाज किया। इस जीत पर महागठबंधन के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने अपनी खुशियों का इजहार किया व मिठाईयां बांटी। इस जीत से तय हो गया कि बेबी देवी उत्पाद एवं मद्य निषेध मंत्री पद पर बनी रहेंगी।

24 राउंड में मतगणना
डुमरी विधानसभा उप चुनाव के मतों की गिनती गिरिडीह पचंबा स्थित कृषि उत्पादन बाजार समिति परिसर में बने मतगणना केंद्र में हुई। 16 टेबलों पर 24 राउंड में मतगणना हुई। इस कार्य में 75 कर्मचारी लगाए गये थे। इसके लिए 25 काउंटिंग सुपरवाइजर, 25 काउंटिंग असिस्टेंट और 25 काउंटिंग ऑबजर्बर प्रतिनियुक्ति की गयी थी। सुरक्षा को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां की गई थी। इसके साथ ही विधि व्यवस्था संधारण के लिए गिरिडीह के जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक समेत काफी संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी व सुरक्षा बल के जवान मुस्तैद थे।

छह उम्मीदवार को किसे  कितने मिले मत
चुनाव मैदान में छह उम्मदीवार मैदान में थे। पर मुकाबला जेएमएम प्रत्याशी बेबी व आजसू प्रत्याशी यशोदा देवी के बीच रहा। मतों की गिनती में जेएमएम के बेबी देवी को 1,00231 मत, आजसू के यशोदा देवी को 83,075 मत, एआईएमआईएम के अब्दुल मोबिन रिज़वी को 3471 मत, निर्दलीय कमल प्रसाद साहू को 712 मत, निर्दलीय नारायण गिरी को 610 मत और निर्दलीय रोशन लाल तुरी को 1898 मत मिले।

कसमार में रहा जश्न का माहौल
झामुमो प्रत्याशी मंत्री बेबी देवी की जीत पर कसमार प्रखंड के इंडिया गठबंधन के कार्यकताओं ने खुशी जताई है। कसमार बाजार टांड़ चौक पर मिठाई बांट कर व पटाखे फोड़ कर खुशी जताई है। प्रखंड अध्यक्ष दिलीप हेंब्रम ने कहा कि डुमरी में हेमंत सरकार एवं स्व जगरनाथ महतो के विकास कार्यों की जीत हुई है। डुमरी के लोगों ने उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि दी है। सीपीआईएम नेता कामरेड शकुर अंसारी ने कहा कि डुमरी की जीत इंडिया गठबंधन की जीत हुई है। आने वाले दिनों मजबूती के साथ इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी। मौके पर जेएमएम सचिव सोहेल अंसारी, झामुमो नेता सिकंदर कपरदार, हरेंद्र महतो, सौकत अली, मोबीन अंसारी, रामसय हांसदा, अभिशर महतो, द्वारिका महतो, जानी बाबू, इरफान अहमद, जगेश्वर महतो, राजेन्द्र महतो, तनवीर आलम, महेश महतो, महबूब अंसारी, रविशंकर महतो, रिजवान अंसारी, शाहिद रजा चिस्ती, गणेश रजवार, कुर्बान अंसारी गुड्डू मिश्रा, अतिक अंसारी बबलू अंसारी सहित अन्य मौजूद थे।

राजद कार्यालय पर लगे जीत के नारे
इंडिया महागठनबंधन की जीत पर राजद नेताओं व कार्यकर्ताओं ने जीत का जश्न मनाया और महागठबंधन के पक्ष में नारे लगाएं। राजद जिलाध्यक्ष बुद्धनारायण यादव ने कहा कि महागठबंधन की जीत का डुमरी विधानसभा उपचुनाव एक टेलर है। असली फिल्म 2024 का लोकसभा चुनाव में दिखेगा। भाजपा के गुरूर पर पानी फिर जाएगा। लोकतंत्र में जनता मालिक होता है, जनता केंद्र सरकार की नौटकी को देख रही है। इसके अलावा बोकारो शहर व पेटरवार में भी महागठबंधन नेताओं व कार्यकर्ताओं ने जीत पर एक दूसरे को गुलाल लगाया और मिठाईयां बांटी। बेरमो विधायक कुमार जयमंगल ने इस जीत पर बेबी देवी को बधाई देते हुए जनता का धन्यवाद दिया। गोमिया के पूर्व विधायक बबीता देवी और योगेंद्र प्रसाद ने जीत के लिए जनता को आभार प्रकट किया। 

एक खेमे में खुशी, दूसरे में छाई मायूसी

बेरमो में जहां एक खेमे में खुशी रहा, वहीं दूसरे खेमे में भारी मायूसी रही। कहीं मिठाईयां बांटी गई तो कहीं कार्यकर्ताओं ने पटाखा फोड़कर जश्न व नाचते गाते देखे गए। झामुमो के केंद्रीय नेता अनिल अग्रवाल ने आवासीय कार्यालय पर कार्यकर्ताओं के साथ अबीर की होली खेली और मिठाईयां बांटी। उन्होंने कहा कि डुमरी विधानसभा में स्व जगरनाथ महतो ने जितने विकास कार्य किए हैं, जनता उसे आसानी से नहीं भुला सकती। लोकतंत्र के जनता मालिक होता है।

 

 

महागठबंधन की जीत पर अलोक दूबे ने डूमरी की जनता को दी बधाई

रांची: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आलोक कुमार दूबे, लाल किशोर नाथ एवं डॉ राजेश गुप्ता छोटू ने डुमरी विधानसभा में महागठबंधन प्रत्याशी बेवी देवी के जीत पर डुमरी की जनता के प्रति आभार प्रकट किया है एवं महागठबंधन की प्रत्याशी बेबी देवी को जीत की बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। कांग्रेस नेता आलोक कुमार दूबे ने कहा स्वर्गीय जगन्नाथ महतो के किए गए कार्यों एवं मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के मेहनत एवं महागठबंधन सरकार के उपलब्धियों पर डुमरी की जनता ने मुहर लगाई है। बेबी देवी ने पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़कर यह साबित कर दिया है कि वर्तमान सरकार के नेतृत्व में राज्य सुरक्षित है एवं हेमंत है तो हिम्मत है। डुमरी उपचुनाव ने आने वाले कई राजनीतिक संदेश भी दिये हैं। 2024 चुनाव के पहले का लिटमस टेस्ट बताने वाले एनडीए गठबंधन को घोर निराशा हाथ लगी है,सही मामले में अगर कहा जाए तो आगामी लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा की उल्टी गिनती का भी संदेश है। कांग्रेस नेता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने इंडिया प्रत्याशी बेबी देवी के जीत की मुख्यमंत्री को विशेष तौर पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। उन्होंने कहा भारतीय जनता पार्टी एवं एनडीए के दुष्प्रचार का पोल खुल गया है, डुमरी उपचुनाव चुनाव में भाजपा के लोगों का आजसू के साथ ईमानदारी नहीं दर्शाने वाला चरित्र सामने लाया है, इस चुनाव प्रचार में भाजपा ने सिर्फ आई वास किया है। 2024 के चुनाव का स्पष्ट संकेत भी डुमरी की जनता ने देने का काम किया है। कांग्रेस नेता डॉ राजेश गुप्ता छोटू ने बेबी देवी की जीत पर गठबंधन के कार्यकर्ताओं को विशेष रूप से सैल्यूट किया है। उन्होंने कहा महागठबंधन के कार्यकर्ताओं ने इस पूरे उपचुनाव में कड़ी मेहनत की एवं पूरे चुनाव प्रचार के दौरान हेमन्त सोरेन की अटूट परिश्रम एवं जगन्नाथ महतो के किए गए कार्यों पर डुमरी की जनता ने मोहर लगाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *