Death in Road Accident: लकड़ी गोला के समीप सड़क हादसा में पत्नी की मौत, पति व दो मासूम बच्चे जख्मी
Death in Road Accident: बोकारो के बीएस सिटी थाना क्षेत्र के लकड़ी गोला के समीप शुक्रवार की शाम को एक सड़क हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पति और दो मासूम बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए.
न्यूज इंप्रेशन, संवाददाता
Bokaro: बोकारो के बीएस सिटी थाना क्षेत्र के लकड़ी गोला के समीप शुक्रवार की शाम को एक सड़क हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पति और दो मासूम बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को अस्पताल इलाज के लिए भेजा गया. जहां घायलों का इलाज चल रहा है. घटना के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने महिला के शव के साथ लकड़ी गोला के समीप मुख्य मार्ग को जाम कर दिया है.
पांच थाना की पुलिस घटना स्थल पर पहुंची
घटना की सूचना पाकर मौके पर सिटी इंस्पेक्टर सुदामा कुमार दास पहुंचे. घटना की पूरी जानकारी ली. जाम करने वालो को शांत करने की कोशिश की. स्थिति को देखते हुए पांच थाना की पुलिस घटना स्थल पर पहुंच गई. ट्रक का चालक पुलिस हिरासत में है. घटना स्थल पर सेक्टर 4 इंस्पेक्टर संजय कुमार, सेक्टर 6 इंस्पेक्टर संगीता कुमारी, सेक्टर 12 इंस्पेक्टर सुभाष चंद्र सिंह, माराफारी इंस्पेक्टर आजाद खान बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स के साथ जाम स्थल पर डटे हुए हैं.
ससुराल से वापस सेक्टर 3 लौट रहा था
जानकारी के अनुसार बीएस सिटी थाना क्षेत्र के लकड़ी गोला के पास शुक्रवार की शाम को एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार एक परिवार को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में सेक्टर तीन निवासी पुष्पा देवी की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं उनके पति राजेश और दो छोटे बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए. बताया जा रहा है कि परिवार जरीडीह थाना क्षेत्र के जैनामोड के बाराडीह स्थित ससुराल से वापस सेक्टर 3 लौट रहा था. वापसी के क्रम में लकड़ी गोला के पास घटना घटी. बाइक में टक्कर मारने वाले ट्रक को फिलहाल बीएस सिटी थाना में जब्त करके रखा गया है. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया. जहां उनका इलाज जारी है. मृतका के जीजा मदन कुमार ने घटना की जानकारी देते हुए प्रशासन से दोषी ट्रक चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रक को जब्त कर लिया है. मामले की जांच में जुट गई है. समाचार लिखे जाने तक आक्रोशित लोग सड़क जाम कर प्रदर्शन कर रहे थे.
पश्चिम बंगाल के पानागढ़ का है ट्रक
मृतका के जीजा मदन कुमार के अनुसार थाना में जब्त ट्रक को क्रेन (डबलूबी18एक्स – 0885) लेकर जा रही थी. इसी दौरान ट्रक के पिछले चक्के से बाइक में टक्कर लगी. इसमें पुष्पा की मौत हो गई और राजेश कुमार सहित बच्चे घायल हो गए. ट्रक पश्चिम बंगाल के पानागढ़ का है. मृतक के परिजन व ग्रामीण ट्रक के मालिक को बुलाने व मुआवजे की मांग को लेकर सड़क पर बैठे रहे.
