Bokaro : जमीन विवाद मामले में मारपीट में एक व्यक्ति की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम, चार आरोपी गिरफ्तार

सार 

•जमीन विवाद मामले में 24 मई को हुई मारपीट में जख्मी सुरेश मूर्मू की मौत इलाज के दौरान बोकारो जेनरल अस्पताल में हो गई।

•आक्रोशित आदिवासी समाज के लोगों ने 25 मई को दिन के करीब ढाई बजे से राष्ट्रीय राजमार्ग 23 को घंटों रखा जाम।

•पिंड्राजोरा पुलिस ने झारखंड पुलिस के एक जवान सहित चार आरोपी को किया गिरफ्तार।

 

न्यूज इंप्रेशन, संवाददाता 

Bokaro: जमीन विवाद मामले में बुधवार को हुई मारपीट में जख्मी सुरेश मूर्मू की मौत इलाज के दौरान बोकारो जेनरल अस्पताल में हो गई।इस घटना से आक्रोशित आदिवासी समाज के लोगों ने गुरुवार यानी 25 मई को दिन के करीब ढाई बजे से राष्ट्रीय राजमार्ग 23 को चौरा मोड़ के निकट जाम कर दिया है। सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे आवागमन घंटों प्रभावित रहा। आमजन परेशान रहे। घटना की खबर सुनकर चास एसडीओ चास दिलीप सिंह शेखावत, चास अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पुरुषोत्तम कुमार सिंह, चास बीडीओ मिथिलेश चौधरी व पिंड्राजोरा थाना प्रभारी अंकित पांडेय मौके पर पहुंच गए। पदाधिकारियों के लाख मनाने के बाद भी नहीं माने।

चास सीओ व पिंड्राजोरा थाना प्रभारी को बर्खास्त करने की मांग 

समाज के लोगों ने मृतक की पत्नी को एक करोड़ रुपये व आश्रित को सरकारी नौकरी, चास सीओ व पिंड्राजोरा थाना प्रभारी को नौकरी से बर्खास्त करने की मांग की है। साथ ही हत्यारो की गिरफ्तार कर कड़ी सजा देने की माँग की गई। सड़क जाम में झारखंड भाषा संघर्ष समिति के केंद्रीय अध्यक्ष निमाई महतो, जिला परिषद सदस्य निशा हेंब्रम, सुनीता गुड्डू , राम प्रसाद हेंब्रम, निवारण सोरेन, मासस नेता गयाराम शर्मा, भीम रजक सहित सैकड़ो ग्रामीण शामिल थे।

मामले में चार गिरफ्तार 

पिंड्राजोरा पुलिस ने झारखंड पुलिस के एक जवान सहित चार आरोपी सुखविंदर सिंह, चरण दास महतो, राहुल कुमार, मनतोष रंजन को गिरफ्तार किया है। चास एसडीओ दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने कहा कि जमीन विवाद के कारण मारपीट हुई है। इसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई है। पुलिस ने फौरन करवाई करते हुए आरोपियों की गिरफ्तार किया है। आगे भी छानबीन चल रही है। ग्रामीणों की जो मांगें है, इस पर स्पीडी करवाई की जाएगी। वही चास अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पुरुषोत्तम कुमार सिंह ने कहा कि घटना में संलिप्त चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

 क्या है मामला :

मालूम हो कि पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के चौरा स्थित जमीन को लेकर उत्पन्न विवाद में 24 मई को जमकर मारपीट हुई। लाठी, रड व हॉकी स्टीक जमकर चला। इस घटना में घायल तीन पुरुष व दो महिला को सदर अस्पताल बोकारो में भर्ती कराया गया था। सुरेश कुमार मुर्मू (48) की गंभीर स्थिति में बोकारो जेनरल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान मौत हो गईं। बताया जाता है की उक्त विवादित जमीन सुरेश कुमार मुर्मू के पूर्वजों के नाम है। मृतक मूर्मू उक्त जमीन व घर परिवार की जान माल की सुरक्षा के लिए पूर्व में पिंड्राजोरा पुलिस को गुहार लगाया था। ग्रामीणों का कहना था कि पुलिस जमीन विवाद को लेकर गंभीरता दिखाती तो शायद घटना टल सकती थी। 

तीन बच्चे हो गए आनाथ

मृतक सुरेश कुमार मूर्मू सोनोत संथाल समाज बोकारो के जिला सचिव थे। उनकी मृत्यु से दीपा कुमारी (16 वर्ष), अनीता कुमारी (18 वर्ष ) और एक बेटा आशीष मुर्मू (21 वर्ष ) अनाथ हो गए। पत्नी सावित्री देवी विधवा हो गई। वृद्ध पिता भोला मुर्मू असहाय हो गए। घटना के बाद गांव में सन्नाटा पसरा रहा। ग्रामीणों में भू माफिया व प्रशासन प्रति भारी नाराजगी है। घटना की खबर सुनकर सोनोत संथाल समाज के लोग गांव पहुंचे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *