Bokaro News: हिसीम जंगल की सुरक्षा के लिए वन समिति ने लिया गश्ती शुरू करने का निर्णय, अवैध कटाई करते पकड़े जाने पर उठाया जाएगा दंडात्मक कदम
Bokaro News: बोकारो जिले के कसमार प्रखंड के हिसीम स्थित पंचायत सचिवालय में मंगलवार को संयुक्त ग्राम वन प्रबंधन समिति, हिसीम की बैठक सोमर महतो की अध्यक्षता में आयोजित हुई।
न्यूज इंप्रेशन, संवाददाता
Bokaro/Kasmar : बोकारो जिले के कसमार प्रखंड के हिसीम स्थित पंचायत सचिवालय में मंगलवार को संयुक्त ग्राम वन प्रबंधन समिति, हिसीम की बैठक सोमर महतो की अध्यक्षता में आयोजित हुई। मौके पर केंद्रीय वन पर्यावरण सुरक्षा समिति के उपाध्यक्ष विष्णुचरण महतो मुख्य रूप से मौजूद थे। बैठक में हिसीम के जंगल में अवैध कटाई को रोकने, मवेशियों से खेत व जंगल को बचाने तथा समिति को दुरुस्त करने के संबंध में चर्चा की गई।
अवैध कटाई को रोकने के लिए कड़ा कदम उठाने पर बल
बैठक में निर्णय लिया गया कि अगर किसी का मवेशी खेत या जंगल की क्षति पहुंचाते हुए पकड़ा गया तो उस मवेशी के मालिक से क्षतिपूर्ति ली जाएगी। बैठक में अवैध कटाई को रोकने के लिए कड़ा कदम उठाने पर बल दिया गया। निर्णय लिया गया कि जंगल की अवैध कटाई करते हुए पकड़े जाने पर उसके खिलाफ सामाजिक और कानूनी तौर पर दंडात्मक कदम उठाया जाएगा। बैठक में समिति के सक्रिय होने की जरूरत पर भी बोल दिया गया। कहा गया कि समिति के सभी सदस्यों व पदाधिकारियों को जंगल को बचाने के लिए पूरी तरह से सक्रिय होने की जरूरत है। बैठक में जंगल की गश्ती शुरू करने का निर्णय भी लिया गया। बैठक में प्रखंड अध्यक्ष गंगाधर महतो, आनंद कुमार महतो, झरीराम महतो, सावन महतो, सहदेव महतो, प्राण मांझी, शंकर महतो, जगेश्वर मुर्मू, सरोज महतो, हरिहर महतो, मनोज मुर्मू, दिनेश महतो, जानू महतो, जयनाथ महतो, वासुदेव महतो, चैतन्य राम महतो,आदि मौजूद थे।