Bokaro News: सरना धर्म महासम्मेलन में विशिष्ट अतिथि की सूची पर संथाल समाज ने जताई आपत्ति, दो नेताओं के विशिष्ट अतिथि बनने का किया जाएगा विरोध

Bokaro News: लुगू बुरू घाण्टा बाड़ी धोरोम गाढ़, ललपनिया की अध्यक्षता में समिति ने उपायुक्त बोकारो को पत्र लिखकर मांग की है कि दोनों नेताओं को विशिष्ट अतिथि सूची से हटाया जाए।

 

न्यूज इंप्रेशन, संवाददाता 

Bokaro : आगामी सोहराय कुनामी (कार्तिक पूर्णिमा) के शुभ अवसर पर आयोजित होने जा रहे अंतर्राष्ट्रीय सरना धर्म महासम्मेलन 2025 में दो कुड़मी नेताओं को विशिष्ट अतिथि बनाने को लेकर संथाल आदिवासी समाज ने विरोध जताया है। लुगू बुरू घाण्टा बाड़ी धोरोम गाढ़, ललपनिया की अध्यक्षता में समिति ने उपायुक्त बोकारो को पत्र लिखकर मांग की है कि दोनों नेताओं को विशिष्ट अतिथि सूची से हटाया जाए। अन्यथा समिति प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर सकती है। लुगू बुरू घाण्टा बाड़ी धोरोम गाढ़ की अध्यक्ष बबुली सोरेन ने उपायुक्त बोकारो को लिखे पत्र में कहा है कि संथाल समाज की प्राचीन परंपरा और संस्कृति के सम्मान के मद्देनजर किसी भी कार्यक्रम में ऐसे व्यक्तियों को विशिष्ट अतिथि नहीं बनाया जाना चाहिए, जिनकी वजह से आदिवासी समाज में तनावपूर्ण माहौल पैदा हो। पत्र में उल्लेख है कि हाल ही में कुड़मी महतो को आदिवासी दर्जा दिलाने के प्रयास को लेकर खुलेआम रेल टेका आंदोलन हुआ था, जिसमें संथाल समाज की अस्मिता और संस्कृति पर हमला करने का प्रयास माना गया। इसके चलते संथाल और कुड़मी महतो के बीच तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हुई, जिसका असर महासम्मेलन के आयोजन में भी पड़ सकता है। अध्यक्ष बबुली सोरेन ने प्रशासन से अनुरोध किया है कि विशिष्ट अतिथि सूची में शामिल दोनों नेताओं को हटाने से पहले समिति को विश्वास में लिया जाए और आदिवासी समाज की भावनाओं को गंभीरता से समझते हुए उचित कार्रवाई की जाए। समिति ने चेतावनी भी दी है कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो वह कार्यक्रम स्थल पर विरोध प्रदर्शन करने के लिए मजबूर हो सकती है। उल्लेखनीय है कि महासम्मेलन का आयोजन इस वर्ष 3 से 5 नवम्बर 2025 तक लुगू बुरू घाण्टा बाड़ी धोरोम गाढ़, ललपनिया में किया जा रहा है, जिसमें लाखों संथाल आदिवासी देश-विदेश से भाग लेने आएंगे और लुगू बाबा के आशीर्वचन प्राप्त करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *