Bokaro News: उपायुक्त ने कहा–छठ पूजा को लेकर सभी अलर्ट रहें पदाधिकारी, गहरे पानी वाले घाटों पर प्रशासनिक पदाधिकारी रहे मुस्तैद
Bokaro News: जिला प्रशासन ने छठ महापर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए व्यापक तैयारियों के निर्देश जारी किए हैं। जिले के सभी तालाबों, नदियों और छठ घाटों पर बैरिकेटिंग लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
न्यूज इंप्रेशन, संवाददाता
Bokaro: जिला प्रशासन ने छठ महापर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए व्यापक तैयारियों के निर्देश जारी किए हैं। उपायुक्त अजय नाथ झा ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी–सभी प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी – अंचलाधिकारी के साथ बैठक कर विधि-व्यवस्था की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में उपायुक्त ने दिए सख्त निर्देश
उपायुक्त ने कहा कि छठ महापर्व आस्था और लोक परंपरा का पर्व है, जिसे जिले में पूरी शांति, सुरक्षा और स्वच्छता के साथ संपन्न कराया जाना जिला प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी अधिकारियों को अलर्ट रहने और प्रत्येक स्थिति पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने विशेष रूप से कहा कि गहरे पानी वाले सभी घाटों और तालाबों पर प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी तैनात रहेंगे, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हो।
घाटों पर बैरिकेटिंग और सुरक्षा प्रबंध हो
जिले के सभी तालाबों, नदियों और छठ घाटों पर बैरिकेटिंग लगाने के निर्देश दिए गए हैं। खासकर गहरे पानी वाले क्षेत्र में बांस–बल्ला/रस्सी आदि से सुरक्षा घेरा बनाया जाए। इन स्थलों पर पुलिस बल, गोताखोरों और एनडीआरएफ टीमों की भी तैनाती करें। उपायुक्त ने कहा कि हर घाट पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पेयजल और मेडिकल टीम* की व्यवस्था भी की जाए।
बीडीओ–सीओ करें घाटों का निरीक्षण
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी बीडीओ (प्रखंड विकास पदाधिकारी) और सीओ (अंचल अधिकारी) एवं प्रखंड स्तरीय अन्य पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों के सभी छठ घाटों का निरीक्षण करें और आवश्यक सुधार कार्य समय पर पूर्ण करें। प्रमुख एवं बड़े घाटों का निरीक्षण एसडीओ (अनुमंडल पदाधिकारी) और एसडीपीओ (अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी) स्वयं करेंगे। उन्होंने कहा कि घाटों पर भीड़-भाड़ को देखते हुए प्रवेश और निकास मार्ग अलग-अलग बनाए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को असुविधा न हो।
पुलिस बल और दंडाधिकारियों की ससमय करें प्रतिनियुक्ति
सभी घाटों पर अनुमंडल पदाधिकारी चास – बेरमो ससमय दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति करें। उपायुक्त ने कहा कि किसी भी परिस्थिति में कानून-व्यवस्था की स्थिति नहीं बिगड़े, इसके लिए लगातार पेट्रोलिंग की जाए। एसडीओ चास प्रांजल ढ़ांडा ने बताया कि अनुमंडल क्षेत्र में कुल 63 दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी – पुलिस बल को प्रतिनियुक्ति किया गया है। वहीं, बेरमो अनुमंडल पदाधिकारी श्री मुकेश मछुआ ने बताया कि अनुमंडल क्षेत्र में कुल 86 दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी–पुलिस बल को प्रतिनियुक्ति किया गया है। साथ ही, उपायुक्त ने निर्देश दिया कि छठ पूजा समिति के सभी सदस्यों को पहचान पत्र जारी करना सुनिश्चित करें, ताकि प्रशासनिक समन्वय सुचारू रूप से हो सके।
खतरा क्षेत्रों में लगेंगे चेतावनी बोर्ड
उपायुक्त ने जिला जनसंपर्क विभाग को निर्देश दिया है कि सभी घाटों पर खतरा क्षेत्र, डूब क्षेत्र आदि का स्पष्ट साइनेज लगाया जाए। गहरे पानी वाले हिस्सों को रस्सी और बैरिकेटिंग से घेर दिया जाएगा। श्रद्धालुओं को केवल सुरक्षित क्षेत्र में ही पूजा-अर्चना करने की सलाह दी जाएगी।बैठक के अंत में उपायुक्त अजय नाथ झा ने जिलेवासियों से अपील की कि वे छठ महापर्व को श्रद्धा, अनुशासन और स्वच्छता के साथ मनाएं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है, लेकिन सावधानी बरतना हर श्रद्धालु का कर्तव्य है। सभी लोग प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति की सूचना तुरंत दें।
