Bokaro News: शारदीय नवरात्रि के महाअष्टमी पर डीसी ने मानव सेवा आश्रम व बाबा वैद्यनाथ वृद्ध सेवा आश्रम के वृद्धजनों व दिव्यांग बच्चों के साथ बिताया पल

Bokaro News: डीसी ने मानव सेवा आश्रम व बाबा वैद्यनाथ वृद्ध सेवा आश्रम के वृद्धजनों व दिव्यांग बच्चों के साथ के बीच मिठाई–फल आदि का किया वितरण, सबों के साथ किया संवाद सुविधाओं, समस्याओं का लिया जायजा

न्यूज इंप्रेशन, संवाददाता

Bokaro: महाष्ठमी पर्व पर जहां लोग देवी मां के मंदिरों, पंडालों में ही जाकर पूजा-अर्चना करते हैं, वहीं उपायुक्त अजय नाथ झा ने इस दिन को एक अलग ही स्वरूप दिया। उन्होंने विभिन्न पूजा पंडालों का भ्रमण करने के बाद सेक्टर–05 स्थित मानव सेवा आश्रम तथा सोलगडीह स्थित बाबा वैद्यनाथ वृद्ध सेवा आश्रम में रह रहे दिव्यांग बच्चों एवं वृद्धजनों के साथ समय बिताकर पर्व को सेवा और संवेदना के रूप में मनाया।

बच्चों संग मिठास और मुस्कान

उपायुक्त ने मानव सेवा आश्रम के बच्चों के बीच मिठाई और फल वितरित किए। बच्चों से आत्मीय संवाद करते हुए उन्होंने उनके रुचियों के बारे में जाना। मासूम बच्चों की मुस्कान ने पूरे माहौल को उल्लास और अपनापन से भर दिया। इस दौरान आश्रम में सेक्टर वन-बी निवासी साह आलाम अपने 4 वर्षीय बेटी आयशा का जन्मदिन मनाने पहुंचे थे। उपायुक्त ने इसकी सराहना की। वह भी जन्मदिन कार्यक्रम में आश्रम के सभी बच्चों के साथ शामिल हुए।

वृद्धजनों के अनुभवों और दुआओं का मिला साथ

वहीं, सोलगडीह स्थित बाबा वैद्यनाथ वृद्ध सेवा आश्रम में मौजूद वृद्धजनों से बातचीत करते हुए उपायुक्त ने उनकी भावनाओं को समझने का प्रयास किया। उन्होंने मीना साव, कृष्णा कुमारी, रानी बाला आदि वृद्धजनों से संवाद किया। वृद्धजनों ने भी पुत्रवत अपनापन पाकर अपनी खुशी साझा की। उनकी आशीर्वादभरी बातें उपायुक्त को भावुक कर गईं।

यह भी एक मंदिर ही है: उपायुक्त

संवेदनाओं से भरे इस पल में उपायुक्त ने कहा कि *यह भी एक मंदिर ही है, यहां सेवा ही सच्ची पूजा है। मां दुर्गा की आराधना तभी पूर्ण होती है जब हम समाज के उन लोगों के बीच जाएं, जिन्हें सबसे ज्यादा सहारे और स्नेह की जरूरत है।

समस्याओं को सुना और सहयोग का दिया भरोसा

उपायुक्त ने आश्रम प्रबंधन से बातचीत की और सुविधाओं एवं समस्याओं का जायजा लिया। उन्होंने जिला प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग और सहायता देने का आश्वासन दिया। मौके पर जिला समाज कल्याण पदाधिकारी डॉ सुमन गुप्ता, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *