Bokaro Naxal News: मुठभेड़ में मारा गया पांच लाख का इनामी नक्सली कुंवर मांझी, बिरहोरडेरा का था वह रहनेवाला, एक जवान शहीद
Bokaro Naxal News: बोकारो जिले के गोमिया थाना क्षेत्र के बिरहोरडेरा के जंगली क्षेत्र में 15 जुलाई को भाकपा माओवादी के शीर्ष नेता सीसीएम सहदेव सोरेन उर्फ कुंवर मांझी।
न्यूज़ इंप्रेशन, संवाददाता
Bokaro: बोकारो जिले के गोमिया थाना क्षेत्र के बिरहोरडेरा के जंगली क्षेत्र में 15 जुलाई को भाकपा माओवादी के शीर्ष नेता सीसीएम (सेंट्रल कमेटी मेंबर) सहदेव सोरेन उर्फ अनुज उर्फ परवेश सोरेन व एसएसी सदस्य बिरसेन उर्फ चंचल उर्फ रघुनाथ हेम्ब्रम उर्फ काना का शस्त्र दस्ता बड़ी घटना को अंजाम देने के फिकार में था। इसकी सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कोबरा 209 बटालियन व बोकारो पुलिस द्वारा क्षेत्र में विशेष सर्च अभियान चलाया गया। बुधवार यानी 16 जुलाई को सुबह लगभग छह से साढे छह बजे के बीच माओवादियों के दस्ते ने पुलिस पार्टी पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। सुरक्षा बलों की ओर से भी फायरिंग की गई। फायरिंग बंद होने के बाद पुलिस की ओर से सर्च अभियान चलाया गया। जानकारी बोकारो एसपी हरविंदर सिंह ने बुधवार को एसपी कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में पत्रकारों को दी।
सर्च के दौरान मिला दो व्यक्ति का शव
एसपी ने बताया कि सर्च के दौरान नक्सली वर्दी पहना एक व्यक्ति व एक सादे लिबास पहने व्यक्ति का शव मिला। नक्सली वर्दी वाले शव की पहचान बोकारो जिला के गोमिया थाना क्षेत्र के बिरहोरडेरा निवासी कुंवर मांझी उर्फ सहदेव मांझी उर्फ सदे के रूप में किया गया। मृतक नक्सली एसजेडसीएम सदस्य था। इस पर पांच लाख का इनाम था। इसके उपर कुल 28 मामले दर्ज हैं। बोकारो के विभिन्न थानों में 21 कांड व हजारीबाग के विभिन्न थानों में सात कांड अंकित है।
एक व्यक्ति की पहचान नहीं हो पायी
सादे लिबास वाले व्यक्ति की पहचान नहीं हो पायी। पहचान की कोशिश की जा रही है। घटना में कोबरा 209 बटालियन के एक जवान प्रानेश्वर कोच (असम के कोकराझार का रहनेवाला) नक्सली की गोली लगने से शहीद हो गये। अभियान के दौरान सुरक्षा बलों के हाथ एक एके 47 राइफल, एक एके 47 मैगजीन (राउंड के साथ) सहित दैनिक उपयोग में आनेवाले सामान लगा।
मुठभेड स्थल पर 15 नक्सली होने का अनुमान
एसपी ने बताया कि 21 अप्रैल को पुलिस व नक्सली के बीच मुठभेड की घटना में डेढ करोड का इनामी नक्सली विवेक सहित आठ नक्सली की मौत हो गयी थी। बिरहोरडेरा में हुई मुठभेड की घटना में शामिल मृतक नक्सली भी उस घटना में शामिल था। बुधवार की सुबह मुठभेड की घटना में लगभग 15 नक्सली होने का अनुमान है। सभी नक्सली जान बचाकर आसपास के जंगलों में छिपे हो सकते हैं। सुरक्षा बलों द्वारा लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है। एसपी ने कहा कि नक्सलियों का सफाया ही हमारा लक्ष्य है। नक्सली खुद को सरेंडर कर सरकार की सरेंडर पॉलिसी का लाभ लेकर जीवन व्यतीत करें। अथवा मरने के लिए तैयार रहें।