Bokaro: चास मंडल कारा में उंचाई से गिरने से रेप का आरोपी बंदी जख्मी, सदर अस्पताल से रिम्स रांची किया गया रेफर
सार
•चास मंडल कारा में उपर से गिरने से रेप का आरोपी बंदी जख्मी
•सदर अस्पताल से गंभीर स्थिति में रिम्स रांची किया गया रेफर
न्यूज़ इंप्रेशन, संवाददाता
Bokaro: बोकारो जिले के चास मंडल कारा के विचाराधीन कैदी महादेव रजवार गुरुवार को उंचाई से गिर गया। गिरने से वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसे तुरंत इलाज के लिए बोकारो सदर अस्पताल ले जाया गया। उसकी स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची रेफर कर दिया गया।
आरोपी से मिलने मां व बहन मंडल कारा आयी थी
जानकारी के अनुसार आरोपी से मिलने गुरूवार को उसकी मां व बहन मंडल कारा गेट पर आयी थी। इसी दौरान परिवार वालों के साथ बहस हुई। इसके बाद जेल सुरक्षाकर्मी महादेव को अंदर ले गये। अनुमान लगाया जा रहा है कि गुस्से में आकर कैदी ने आत्महत्या करने का प्रयास किया। इस मामले पर जेल प्रशासन अभी कुछ बोलने से इंकार कर रहा है। जेल सुपरीटडेंट अनिमेष चौधरी ने बताया कि घटना को लेकर अन्य बंदियों से पूछताछ की जा रही है। पता लगाया जा रहा है कि बंदी महादेव रजवार को चोट कैसे लगी है। ठोस जानकारी मिलने पर ही कुछ बताया जा सकता है।
18 अगस्त 2022 से महादेव कारा में है बंद
जानकारी के मुताबिक दुष्कर्म के मामले में 18 अगस्त 2022 से महादेव चास मंडल कारा में बंद है। इधर, सदर अस्पताल के डॉ संजय कुमार ने बताया कि बंदी को गंभीर चोट लगी है। इतनी गंभीर चोट उंचाई से गिरने से लग सकती है। बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर भेज दिया गया है।
