Bokaro Crime News: प्रेम जाल में फंसा कर ठग लेता था महिलाओं से जेवरात व नकदी, छह दिन बाद बिहार से ठग की हुई गिरफ्तारी
Bokaro Crime News: छह दिन बाद बिहार के फतुहा से ठग की हुई गिरफ्तारी, पौने दो लाख नगद, 22 ग्राम सोना व दो मोबाइल बरामद।
न्यूज इंप्रेशन, संवाददाता
Bokaro: संकल्प कुमार उर्फ गोली पहले प्रेम जाल फेंकता था. खुद को रसूखदार बताता था. किसी को बैंक मैनेजर, सचिवालय कर्मचारी, तो किसी पर एयरफोर्स के अधिकारी होने का रौब दिखाता था. रूतबा व रौब को देखकर महिलाएं खुद उसके प्रेम जाल में फंस जाती थी. इसके बाद युवक द्वारा महिलाओं को ठगने का खेल शुरू हो जाता था. उसने एक-दो नहीं कई महिलाओं को प्रेम जाल में फंसा कर लूटा था. बोकारो में एक महिला के साथ प्रेम का खेल खेला. इसके बाद उसके 30 हजार नकद सहित लगभग 22 ग्राम सोने का जेवरात लेकर फरार हो गया. 16 दिसंबर को महिला ने सेक्टर चार थाना में ठगी का मामला दर्ज कराया. छह दिनों के बाद आखिरकार बोकारो पुलिस की जाल में फंस गया. यह जानकारी बोकारो एसपी हरविंदर सिंह ने सेक्टर चार थाना में रविवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पत्रकारों को दी. श्री सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद तुरंत सिटी डीएसपी आलोक रंजन के नेतृत्व में छापेमारी टीम का गठन किया गया. तकनीकी सेल के सहयोग से टीम में शामिल सेक्टर चार इंस्पेक्टर संजय कुमार, सब-इंस्पेक्टर मुन्ना रवानी, सब-इंस्पेक्टर विनोद कुमार, एएसआइ अखिलेश्वर सिंह, एएसआइ बसंत टोप्पो, आरक्षी हरिश्चंद्र राम, आरक्षी अभिनिश कुमार बिहार पहुंच गये. बिहार के पटना जिला स्थित फतुहा राणा टोला थाना के फतुहा स्थित आवास में छापेमारी की गयी. संकल्प कुमार उर्फ गोलू की गिरफ्तारी हो गयी. उसकी निशानदेही पर जेवरात खपानेवाला ज्वेलर्स के फतुआ थाना क्षेत्र के मोसीमपुर आवास में छापेमारी कर सूर्यकांत सोनी को गिरफ्तार किया गया. इस दौरान टीम ने पौने दो लाख रूपया नकद व 22 ग्राम गला हुआ सोना व दो मोबाइल जब्त किया. संकल्प कुमार पर बिहार के फतुहा में छह मई 2016 व 25 नवंबर 2022 को अपराधिक मामला दर्ज है. पुलिस अन्य मामले में पूछताछ कर रही है.
