Bokaro Crime News: गिरिडीह में पदस्थापित आईआरबी जवान की गोली मारकर हत्या, दो हिरासत में, डीसी-एसपी ने हत्यारे को पकडने के लिए 48 घंटे का दिया अल्टीमेटम
Bokaro Crime News: बोकारो के चास थाना क्षेत्र के आदर्श कॉलोनी गायघाट के समीप 27 अक्टूबर, सोमवार की रात करीब साढे आठ बजे अपराधियों ने तीन गोली मार कर आइआरबी के 28 वर्षीय जवान अजय यादव की हत्या कर दी। हत्या के बाद बलराम तिवारी व उसके दो साथी फरार हो गये।
न्यूज इंप्रेशन, संवाददाता
Bokaro: बोकारो के चास थाना क्षेत्र के आदर्श कॉलोनी गायघाट के समीप 27 अक्टूबर, सोमवार यानी छठ महापर्व के पहले अर्घ्य की रात करीब साढे आठ बजे अपराधियों ने तीन गोली मार कर आइआरबी के 28 वर्षीय जवान अजय यादव की हत्या कर दी। हत्या के बाद बलराम तिवारी व उसके दो साथी फरार हो गये। हो हल्ला के बाद स्थानीय लोग जुटे गए। आनन-फानन में घायल जवान अजय यादव को लेकर बोकारो जेनरल अस्पताल ले जाया गया। जहां जांच-पडताल के बाद चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
चास तेलीडीह मोड के समीप आवागमन कर दिया जाम
देर रात को ही चास थाना पुलिस ने छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जबकि हत्यारा बलराम तिवारी फरार है। मृत जवान की पहचान यदुवंश नगर निवासी समाजसेवी लक्ष्मी नारायण यादव के छोटे पुत्र अजय यादव उर्फ सोनू के रूप में हुई है। मंगलवार को आक्रोशित स्थानीय लोगों ने परिजनों के साथ चास तेलीडीह मोड के समीप आवागमन जाम कर दिया। सभी बीच सडक पर बैठ गये। सूचना मिलने पर चास थाना प्रभारी सुषमा कुमारी दल-बल के साथ पहुंची। सड़क पर बैठे लोगों को समझाया। उसके बाद एक प्रतिनिधिमंडल ने डीसी अजय नाथ झा व एसपी हरविंदर सिंह से मुलाकात की। 48 घंटे में हत्यारे की गिरफ्तारी का अल्टीमेटम दिया गया। पुलिस प्रशासन से आश्वासन मिलने के बाद करीब आधे घंटे बाद सड़क जाम खत्म हुआ और आवागमन शुरू हो गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को शव सौंप दिया। जवान का अंतिम संस्कार अंतिम संस्कार चास स्थित गरगा श्मशान घाट पर किया गया।
अजय और बलराम के बीच किसी बात को लेकर तू-तू, मैं-मैं हुई
जानकारी के अनुसार सोमवार की रात आठ बजे अजय यादव उर्फ सोनू और बलराम तिवारी के बीच किसी बात को लेकर तू-तू, मैं-मैं हुई थी। विवाद के कुछ देर बाद बलराम तिवारी अपने कुछ साथियों के साथ वापस गायघाट स्थित शिव मंदिर के पास पहुंचा। जहां अजय यादव उर्फ सोनू अपने दोस्तों के साथ खड़ा था। अजय यादव कुछ समझ पाता इसी बीच बलराम तिवारी ने पिस्टल निकाल कर तीन से चार राउंड फायरिंग कर दी। फायरिंग में सोनू को तीन गोलियां पेट में लगीं। जिससे गंभीर रूप से घायल होकर गिर पडा। आनन-फानन में स्थानीय लोगों की मदद से जवान को बोकारो जनरल अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही चास थाना पुलिस घटना स्थल पर पहुंची। गोली चलाने वाले बलराम तिवारी के दो दोस्तों को गिरफ्तार कर पुलिस पूछताछ कर रही है।
मृतक छठ पर्व की छुट्टी में अपने घर आया था
मृतक अजय यादव आईआरबी में कार्यरत था। उसकी पोस्टिंग गिरिडीह में थी। छठ पर्व की छुट्टी में चास स्थित अपने घर आया था। हत्या की खबर सुनकर बड़ी संख्या में लोग बीजीएच पहुंचे। इधर, मृतक के परिजनों का रो-रोकर हाल खराब है। चास एसडीपीओ प्रवीण कुमार सिंह व चास थाना प्रभारी सुषमा कुमारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। मुख्य आरोपी बलराम तिवारी व उसके अन्य सहयोगियों की तलाश में छापेमारी जारी है। मुख्य आरोपी बलराम तिवारी का आपराधिक रिकॉर्ड है। कई बार जेल जा चुका है। इस पर पुलिस जवान के उपर जानलेवा हमला करने का भी मामला दर्ज हैं।
हत्यारा जल्द होगा गिरफ्तार
एसपी हरविंदर सिंह ने कहां कि घटना के बाद पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। जल्द ही हत्यारा पुलिस गिरफ्त में होगा। मामले की मॉनिटरिंग खुद कर रहा हूं। घटना की पूरी जांच की जा रही है।
घटना को लेकर डीसी-एसपी से मिला प्रतिनिधिमंडल
आइआरबी जवान की हत्या को लेकर एक सर्वदलीय एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को डीसी अजयनाथ झा से गोपनीय कार्यालय व एसपी हरविंदर सिंह से कैंप दो कार्यालय में मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने बढ रहे अपराध पर चिंता व्यक्त की। साथ ही इस तरह की घटना को लेकर पुलिस प्रशासन को क्षेत्र में अभियान चलाने का आग्रह किया, ताकि अपराधिक प्रवृति के लोगों पर लगाम लगाया जा सके। प्रतिनिधिमंडल में पूर्व विधायक बिरंची नारायण, झामुमो महानगर अध्यक्ष मंटू यादव, कांग्रेस जिलाध्यक्ष जवाहर महथा, राजद जिलाध्यक्ष बुद्धनारायण यादव, जितेंद्र यादव, किशुर गोप, रजत के प्रदेश प्रवक्ता घनश्याम चौधरी, प्रमोद तापडिया, रामदयाल सिंह शाहिद अन्य शामिल थे।

