Bokaro Crime News: ट्रैक्टर चालक जादू हाड़ी को अज्ञात लोगों ने पांच गोली मारी, जख्मी हालत में बोकारो जेनरल अस्पताल में इलाजरत
Bokaro Crime News: ‘महुदा भोजूडीह इएन के अंतर्गत आनेवाला कोई भी टेंडर बिना बात किए जो भी ठेकेदार डालेगा उसका अंजाम यही होगा… त्यागी जी’ धमकी भरा पर्चा में लिखा पाया गया। मंगलवार को चास (मु.) थाना क्षेत्र के बांधडीह रेलवे साइडिंग में काम कर रहे 45 वर्षीय ट्रैक्टर चालक जादू हाड़ी को अज्ञात लोगों ने पांच मारी गोली।
न्यूज इंप्रेशन, संवाददाता
Bokaro: मंगलवार को बोकारो के चास (मु.) थाना क्षेत्र के बांधडीह रेलवे साइडिंग में काम कर रहे 45 वर्षीय ट्रैक्टर चालक जादू हाड़ी को अज्ञात लोगों ने पांच गोली मारी। दो गोली जादू के दोनों पैरों में लगी और दो गोली पेट के निचले हिस्से में दोनों तरफ। वहीं, एक गोली उसके मोबाइल को तोडते हुए निकल गयी। आनन-फानन में घटना को अंजाम दिया गया। स्थल पर काम कर रहे लोगों ने जादू को मोटरसाइकिल पर बैठाकर बोकारो जेनरल अस्पताल ले गए। जहां घायल का इलाज चल रहा है।
मौके पर पहुंचे एसपी
घटना की सूचना मिलने के बाद घटना स्थल पर तुरंत एसपी हरविंदर सिंह, चास एसडीपीओ प्रवीण कुमार सिंह दलबल के साथ पहुंचे। जांच शुरू कर दी है। घटना स्थल पर गोली का पांच खोखा व एक पर्चा मिला है। पर्चा में साफ-साफ लिखा है कि ‘महुदा भोजूडीह इएन के अंतर्गत आनेवाला कोई भी टेंडर बिना बात किए जो भी ठेकेदार डालेगा, उसका अंजाम यही होगा… त्यागी जी’। पत्र की जांच पडताल शुरू कर दी है। घटनास्थल पर तीन थाना चास मु., चीरा चास व सियालजोरी थाना के थानेदार प्रकाश मंडल, चंदन दूबे पुलिस बल के छानबीन में जुटी है। साथ ही क्षेत्र में बडी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
आक्रोशित स्थानीय लोगों ने किया मुख्य सडक जाम
घटना की सूचना मिलने पर आक्रोशित स्थानीय लोगों ने मुख्य सडक को कुछ देर के लिए जाम किया था। पुलिस से घायल के इलाज का पूरा खर्च सरकारी तंत्र द्वारा वहन करने व जब तक जादू स्वस्थ्य नहीं हो जाता भरण पोषण का खर्च पुलिस प्रशासन दे। आवेदन पुलिस को सौंपा गया। चास मु. थाना प्रभारी ने मांग मान लिया है। इसके बाद स्थानीय लोगों ने जाम को खत्म कर दिया। फिलहाल घायल की स्थिति गंभीर है। घटना को लेकर क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। कार्यस्थल पर सन्नाटा पसरा हुआ है।
जांच के लिए एसआइटी का किया गया गठन
बोकारो एसपी हरविंदर सिंह ने बताया कि घटनास्थल से पांच खोखा बरामद किया गया है। घायल बोकारो जेनरल अस्पताल में इलाजरत है। घटना की जांच के लिए एसडीपीओ चास के नेतृत्व में एसआइटी का गठन कर दिया गया है। मामला आपसी रंजिश या किसी गिरोह से जुड़ा हो सकता है। अपराधियों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी गई है। गोली चलानेवाले जल्द ही गिरफ्त में होगा।