Bokaro Crime News: शादी के दबाव में प्रेमी बना हत्यारा, आठ महीने बाद जंगल से मिला कंकाल
Bokaro Crime News: एसआईटी ने खोला खौफनाक राज, फॉरेंसिक जांच से खुलेगा अंतिम राज, आरोपी गिरफ्तार, आरोपी की निशानदेही पर बरामद हुए हड्डियों के टुकड़े।
न्यूज, इंप्रेशन
Bokaro : प्यार, भरोसा और रिश्ते की आड़ में रची गई एक खौफनाक साजिश का ऐसा खुलासा शनिवार को हुआ, जिसने पूरे बोकारो को झकझोर कर रख दिया है। 18 वर्षीय पुष्पा महतो के अपहरण का मामला अब निर्मम हत्या में तब्दील हो चुका है। आठ महीने तक बेटी की तलाश में भटकती मां की उम्मीदें उस वक्त टूट गईं, जब मधुटांड़ जंगल से नर कंकाल मिलने की खबर ने सनसनी फैला दी। यह सिर्फ एक अपराध नहीं, बल्कि एक रिश्ते के विश्वासघात और क्रूर अंत की कहानी है। जहां शादी के दबाव से बचने के लिए प्रेमी ने ही अपनी प्रेमिका को मौत के घाट उतार दिया।
तीन साल का रिश्ता बना मौत का कारण
पुलिस जांच में सामने आया कि पुष्पा महतो का गांव के ही युवक दिनेश कुमार महतो (26 वर्ष) से पिछले तीन वर्षों से संपर्क था। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि युवती उस पर शादी का दबाव बना रही थी। इसी दबाव से छुटकारा पाने के लिए उसने हत्या की साजिश रची। एक ऐसी साजिश, जो रूह कंपा दे।
कॉलेज बुलाकर सुनसान जंगल में की हत्या
21 जुलाई 2025 को पुष्पा चास कॉलेज में नामांकन के लिए पहुंची थी। पहले से घात लगाए बैठे दिनेश ने उसे बातचीत के बहाने कॉलेज के पीछे सुनसान झाड़ियों में ले गया। वहीं चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी गई। हत्या के बाद शव को झाड़ियों में छुपा दिया गया और खून से सना चाकू रास्ते में फेंक दिया गया, ताकि कोई सबूत न बचे।
एसआईटी जांच में खुला राज
मामले की गंभीरता को देखते हुए बोकारो पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर डीएसपी आलोक रंजन के नेतृत्व में एसआईटी टीम गठित की गई। मोबाइल कॉल डिटेल, तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची। सख्ती से पूछताछ में आरोपी टूट गया और उसने पूरी वारदात कबूल कर ली।
आठ महीने बाद जंगल से मिला कंकाल
शनिवार को पिंडराजोरा थाना क्षेत्र के मधुटांड़ जंगल से नर कंकाल मिलने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही एसपी हरविंदर सिंह और सिटी डीएसपी आलोक रंजन मौके पर पहुंचे। डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम की मदद से पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू की गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी दिनेश की निशानदेही पर ही यह कंकाल बरामद किया गया है। हालांकि पुलिस ने अभी आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं की है कि बरामद कंकाल पुष्पा का ही है या नहीं। अब सबकी निगाहें पोस्टमॉर्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट पर टिकी हैं, जो इस सनसनीखेज केस की अंतिम सच्चाई सामने लाएगी।
जंगल से मिले कई सबूत
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटनास्थल से मृतका के कपड़े, सिर के बाल (रबर बैंड सहित), शरीर के 19 हड्डियों के टुकड़े और हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद किए हैं। जो इस जघन्य हत्या की भयावहता को बयां करते हैं। पुलिस ने आरोपी दिनेश कुमार महतो को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं, जो जांच में अहम कड़ी साबित हो रहे हैं।
टीम में ये अधिकारी थे शामिल
नगर डीएसपी आलोक रंजन के नेतृत्व में गठित एसआईटी टीम ने तकनीकी और फील्ड जांच के दम पर इस जघन्य हत्या का खुलासा किया। टीम में पुलिस निरीक्षक सह बीएस सिटी थाना प्रभारी सुदामा कुमार दास, पुलिस निरीक्षक सह बालीडीह थाना प्रभारी नवीन कुमार सिंह, पुलिस निरीक्षक सह हरला थाना प्रभारी खुर्शीद आलम, चीरा चास थाना प्रभारी पुष्प राज, पुअनि बिक्रम कुमार व अनिकेत कुमार सहित अन्य शामिल थे। अब पूरे इलाके की नजर सिर्फ एक रिपोर्ट पर टिकी है, जो तय करेगी- यह कंकाल पुष्पा की कहानी का अंत है या किसी और रहस्य की शुरुआत।
