Bokaro Crime News: बोकारो में रंगदारी गैंग का भंडाफोड़, पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सात अपराधी दबोचे गए, मुठभेड़ में एक घायल
Bokaro Crime News: बोकारो जिले में रंगदारी के बढ़ते खौफ के बीच पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए संगठित आपराधिक गिरोह का भंडाफोड़ कर दिया।
न्यूज इंप्रेशन, संवाददाता
Bokaro: बोकारो जिले में रंगदारी के बढ़ते खौफ के बीच पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए संगठित आपराधिक गिरोह का भंडाफोड़ कर दिया। एसपी हरविंदर सिंह के निर्देश पर गठित विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने ताबड़तोड़ अभियान चलाकर गैंग के सरगना प्रिंस गुप्ता उर्फ भाटिया समेत कुल सात अपराधियों को दबोच लिया। इस कार्रवाई के दौरान बालीडीह और जरीडीह थाना क्षेत्र के सीमावर्ती इलाके में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ भी हुई, जिसमें सरगना प्रिंस गुप्ता पुलिस की जवाबी गोली से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। मुठभेड़ के दौरान पुलिसकर्मी बाल-बाल बचे, हालांकि पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।
कैसे चला रहा था रंगदारी का खेल
जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि यह गिरोह बड़े आपराधिक नेटवर्क से जुड़ा हुआ था। अपराधी पहले स्थानीय व्यापारियों के मोबाइल नंबर जुटाते थे, फिर उन्हें कुख्यात गैंगों के नाम पर कॉल और मैसेज कर धमकाते थे। अमन साहू, राहुल दुबे और प्रिंस खान जैसे नामों का डर दिखाकर मोटी रकम की मांग की जाती थी। सरगना प्रिंस गुप्ता इस पूरे नेटवर्क का संचालन करता था और व्यापारियों की जानकारी दूसरे गैंगों तक पहुंचाता था। पुलिस के अनुसार, इन अपराधियों की भूमिका ‘लोकल लिंक’ के रूप में सामने आई है, जो बाहरी गिरोहों के लिए काम कर रहे थे।
मुठभेड़ ने खोला कई राज
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर जब पुलिस टीम पहाड़ी इलाके में हथियार बरामदगी के लिए पहुंची, तभी प्रिंस गुप्ता ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने संयमित लेकिन सख्त जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसके पैर में गोली लगी और वह धर दबोचा गया। एसपी ने संकेत दिया कि यह गिरोह आने वाले दिनों में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था, जिसे समय रहते विफल कर दिया गया।
हथियार और सामान की बरामदगी
पुलिस ने आरोपियों के पास से भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है, जिसमें लोडेड पिस्टल, देसी कट्टा, जिंदा कारतूस, कार्बाइन मैगजीन, मोबाइल फोन, सिम कार्ड, स्कूटी, पर्स और नकदी शामिल हैं।
गिरफ्तार अपराधियों की पहचान
गिरफ्तार आरोपियों में प्रिंस गुप्ता को ऑपरेटिव कॉलोनी, श्याम कुमार सिंह चास बंशीडीह, चास शिवशक्ति कॉलोनी के अजय सिंह व ओम प्रकाश पाल, चास नंदुआ स्थान के जयनेन्द्र शुक्ला, चास बंशीडीह के गोलू कुमार, बांसगोड़ा सिवनडीह के भूपेंद्र सिंह शामिल हैं। एक को छोड़कर सभी 6 आरोपियों का पूर्व का आपराधिक इतिहास रहा है, जो पुलिस के लिए पहले से चुनौती बने हुए थे।
एसआईटी की रणनीति ने दिलाई सफलता
यह पूरी कार्रवाई एसपी के निर्देश में गठित एसआईटी टीम सिटी डीएसपी आलोक रंजन, मुख्यालय डीएसपी अनिमेष गुप्ता, बीएससिटी थाना प्रभारी सुदामा दास, थाना प्रभारी बालीडीह नवीन कुमार सिंह, सब इंस्पेक्टर महती बोयपाई, बालीडीह ओपी प्रभारी आनंद आजाद आदि शामिल थे। तकनीकी सर्विलांस और मानव खुफिया तंत्र के समन्वय से इस नेटवर्क को ध्वस्त किया गया।
व्यापारियों ने ली राहत की सांस
लगातार मिल रही धमकियों से सहमे बोकारो के व्यापारियों ने इस कार्रवाई के बाद राहत महसूस की है। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई ने यह संदेश भी दिया है कि अपराधियों के लिए जिले में अब कोई जगह नहीं बची है।
