Bokaro Crime News: सचिन यादव का हत्यारा भोलू गिरफ्तार, रेल पुलिस के साथ बालीडीह थाना ने पकड़ा, अभियुक्त ने अपनी संलिप्तता किया स्वीकार
Bokaro Crime News: एसआईटी ने मंगलवार को बालीडीह थाना क्षेत्र में अभियान चलाकर आरोपी बलराम उर्फ भोलू को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार अभियुक्त ने कांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार किया.
न्यूज इंप्रेशन, संवाददाता
Bokaro: बोकारो रेलवे स्टेशन टेम्पो स्टैण्ड के पास रात्रि में 22 फरवरी को सचिन यादव नामक व्यक्ति को गोली मारी गई, जिसे ईलाज के लिए बोकारो जेनरल अस्पताल ले जाया गया है. जहां चिकित्सकों ने सचिन यादव को मृत घोषित कर दिया. मृतक के छोटा भाई मिथलेश कुमार ने सोमवार को रेल थाना बोकारो में कांड दर्ज कराया. मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक रेल जमशेदपुर ने पुलिस उपाधीक्षक रेल चक्रधरपुर मनीष कुमार के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया. टीम ने मंगलवार को बालीडीह थाना क्षेत्र में अभियान चलाकर आरोपी बलराम उर्फ भोलू को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार अभियुक्त ने कांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार किया. उनके निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त देशी पिस्टल, मोबाईल फोन व घटनाकारित करते समय पहना हुआ जैकेट को बरामद किया गया है. यह जानकारी पुनि सह थाना प्रभारी रेल थाना बोकारो शंकर प्रसाद व पुनि सह थाना प्रभारी बालीडीह नवीन कुमार सिंह ने मंगलवार को पत्रकारों को दी.
एक महीना पहले अभियुक्त के जीजा के साथ मारपीट किया गया था
बलराम उर्फ भोलू ने बताया कि मृतक सचिन यादव व उनके दोस्तों द्वारा करीब एक महीना पहले अभियुक्त के जीजा धनंजय कर्मकार के साथ मारपीट किया गया था. उसी बात को लेकर अभियुक्त व सचिन यादव के बीच विवाद चल रहा था. घटना के दिन भी अभियुक्त अपने जीजा धनंजय कर्मकार के साथ रेलवे स्टेशन पर आया था. जहाँ पर सचिन यादव के साथ उनलोगों का बहसा-बहसी हुआ. बाद में अभियुक्त बलराम कुमार उर्फ भोलु विश्वकर्मा द्वारा सचिन यादव को गोली मार दिया गया.
गिरफ्तार अभियुक्त पर हैं 15 कांड दर्ज
गिरफ्तार अभियुक्त का पूर्व में कई अपराधिक इतिहास रहा है. बालीडीह थाना व आरपीएफ पोस्ट बोकारो में मारपीट, रंगदारी, अपहरण से संबंधित कुल 15 कांड दर्ज हैं. इस कांड के उद्भेदन में आरपीएफ बोकारो व बोकारो जिला बल का सहयोग रहा है. इस कांड में शामिल अन्य अभियुक्तों के गिरफ्तारी हेतु छापेमारी किया जा रहा है. अभियुक्त के पास से घटना में इस्तेमाल एक देशी पिस्टल मैग्जिन सहित, घटना के समय पहना हुए एक उजला रंग का जैकेट, घटना में प्रयुक्त एक मोबाईल फोन ज़ब्त किया गया. अभियुक्त पर बलीडीह थाना में 15 अपराधिक मामले दर्ज है.
छापेमारी दल में ये थे शामिल
छापेमारी दल में पुनि सह थाना प्रभारी रेल थाना बोकारो शंकर प्रसाद, पुनि सह थाना प्रभारी, बालीडीह नवीन कुमार सिंह, निरिक्षक आरपीएफ संतोष कुमार, पुअनि सह थाना प्रभारी रेल थाना मुरी संतोष कुमार सिंह, पुअनि रेल थाना बोकारो दिलिप कुमार, सअनि रेल थाना बोकारो बोधराम महतो, सहायक उप निरिक्षक आरपीएफ बोकारो धनंजय कुमार द्विवेदी, रेल पीपी रामगढ़ सअनि अंजनी कुमार, आरक्षी रंजन कुमार सिंह रेल थाना बोकारो, अरूप कुमार दे रेल थाना बोकारो सहित रेल थाना बोकारो आरपीएफ व बालीडीह थाना के सशस्त्र बल शामिल थे.
