Bharat Jodo Nyay Yatra: सामाजिक, आर्थिक व राजनीतिक न्याय दिलाने के लिए निकली है भारत जोड़ो न्याय यात्रा, 22 दिन बाद बोकारो पहुंचा काफिला

 

Bharat Jodo Nyay Yatra: कांग्रेस पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा बोकारो में 22 दिन बाद पहुंचे। नया मोड़, टॉलगेट व जैनामोड़ में सड़कों पर दिखा जनसैलाब। सुरक्षा के मद्देनजर तेलमच्चो से रजरप्पा के बीच 90 दंडाधिकारी, 78 पुलिस पदाधिकारी सहित भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गयी थी।

न्यूज इंप्रेशन, संवाददाता

Bokaro : कांग्रेस पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा बोकारो में 22 दिन बाद पहुंचे। न्याय यात्रा की काफिला तेलमच्चो से प्रवेश कर चास योधाडीह मोड़ पहुंचा। काफिला चास के महावीर चौक, धर्मशाला मोड़ होते हुए जिला समाहरणालय स्थित जायका पहुंचा। रास्ते में आमजनों से राहुल का अभिनंदन किया। दोपहर करीब दो बजे जायका से प्रस्थान किया। इससे पहले कांग्रेस के पूर्व मंत्री जयराम रमेश व कांग्रेस के युवा नेता ने पत्रकारों से बात की।
एक दिन बनेगी कांग्रेस की सरकार
एक सवाल के जबाव में कांग्रेस के पूर्व मंत्री जयराम नरेश ने कहा कि एक दिन झारखंड में कांग्रेस की सरकार बनेगी। लोकसभा चुनाव 2024 के लिए इंडिया गठबंधन बनाया गया है। पहले इसमें 28 पार्टियां थी। एक पार्टी के छिटककर चले जाने से गठबंधन में अब 27 दल बचा है।

सामाजिक व आर्थिक न्याय दिलाने के लिए न्याय यात्रा
कांग्रेस पार्टी के युवा नेता कन्हैया कुमार ने कहा कि ’भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ पिछले साल के ’भारत जोड़ो यात्रा’ का ही एक्सटेंशन है। इस यात्रा की शुरूआत 14 जनवरी को मणिपुर से की गयी है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जहां भी जा रहे हैं, वहां के स्थानीय मुद्दों की बात करते हैं। गरीबों, किसानों, दलितों, महिलाओं के अधिकार दिलाने की बात करते हैं। वर्तमान केंद्र सरकार सबके अधिकार छीन रही है। इसलिए राहुल गांधी सबको आर्थिक, सामाजिक व राजनीतिक न्याय दिलाने के लिए ’भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ पर निकले हैं। कांग्रेस पार्टी ने निजी संस्थानों का सरकारीकरण किया, ताकि लोगों को उसका लाभ मिल सके. वहीं, केंद्र की भाजपा सरकार सरकारी संस्थानों को निजी संस्थानों में तब्दील करने में जुटी है। एक सवाल के जवाब में कन्हैया ने कहा कि देश का पूरा तंत्र, आरएसएस व भाजपा एक आदमी को चमकाने के पिछे लगा हुआ है। हम जिस राज्य में जा रहे हैं, उस राज्य के मुद्दों को उठा रहे हैं. हमने झारखंड में पेसा कानून की बात की, सरना कोड की बात की। यहां के पब्लिक सेक्टर को जिस तरह से बेचा जा रहा है, उसको बचाने की बात की गई। इस मौके पर कांग्रेस के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, मंत्री आलमगीर आलम सहित अन्य नेता मौजूद थे।

नया मोड़ लोगों ने किया घंटों इंतजार
न्याय यात्रा नया मोड़ बिरसा चौक दोपहर 2.30 बजे पहुंचा। काफिला के पहुंचे ही राहुल को देख जिंदाबाद के नारों से गूंजने लगा। राहुल ने हाथ हिलाकर सब का अभिनंदन किया। नया मोड़ से हवाई अड्डा तक यानी करीब एक किमी तक सड़क पर सैलाब दिखा। तादाद इतनी की काफिले में शामिल वाहन रेंग रहे थे। हर लोग राहुल की तस्वीर को मोबाइल में कैद करने के लिए बेचैन थे। भीड़ को नियंत्रित करने में स्थानीय पुलिस बल व राहुल के सुरक्षा बल का भारी मशक्त करनी पड़ी। पांच मिनट बाद यानि 2.35 बजे काफिला आगे के लिए निकल पड़ा। कई कांग्रेसी नेता भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा के पास इंतजार करते देखे गये।

सुबह से वनवे रहा वाहनों का परिचालन
न्याय यात्रा को लेकर सुबह से ही वाहन का परिचलान वनवे था। बीच-बीच में जाम की स्थिति में पुलिस को परेशानी भी झेलनी पड़ी। राहुल के नया मोड़ में आगमन के करीब 15 मिनट पहले ट्रैफिक को रोक दिया गया। पुलिस प्रशासन के पदाधिकारी ड्रोन से फोटो ग्राफी करा रहे थे। राहुल के काफिल में शामिल पदाधिकारी व पुलिस वालों ने ड्रोन का रोकने का आदेश दिया।

लहरा रहा था लाल झंडा
नया मोड़ में इंडिया गठबंधन की ओर से लाल झंड़ा अधिक लहरा रहा था। कांग्रेसी नेता व कार्यकर्ता कम संख्या में नजर आए। नेता से अधिक सड़क के किनारे लगे पोस्टर बैनर लहरा रहा था। जिस पार्टी के नेता का आगमन था, वैसा नजारा नहीं दिखा। सीपीआई, सीपीएम व एकट के नेता व कार्यकर्ता कंधे पर लाल थामे घंटों खड़े रहे। बोकारो सहित बेरमो के सीपीआई के नेता व कार्यकर्ता शामिल थे। हजारीबाग के पर्व सांसद भुवनेश्वर प्रसाद मेहता भी मौजूद थे। हिन्दुस्तान को बताया कि राहुल गांधी का ’भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ झारखंड में ऐतिहासिक होगा। आज देश का लोकतंत्र व संविधान खतरे में है। भारत की आजादी में कुर्बानी देने व कालापानी का सजा काटने वालों में काग्रेस के नेता शामिल हैं। सीपीआई इंडिया गठबंधन में है और हमेशा साथ रहेगा। नया मोड़ में आप पार्टी के कुछ नेता व कार्यकर्ता टोपी पहने नजर आए।

चास में संगठन की नहीं दिखी ताकत
चास में भीड़ ने राहुल को उदास किया। नया मोड़ व टॉल गेट व जैनामोड़ की तरह चास सड़कों पर समूह नहीं दिखा। देखने से लगा कि कांग्रेस में सांगठनिक तालमेल में कमी के कारण कांग्रेसी नेता व कार्यकर्ता नहीं के बराबर दिखे। कई लोगों का कहना है कि जिलाध्यक्ष को लेकर काफी खीचतान है। इस पार्टी में नेता अधिक है व कार्यकर्ता कम। कोई किसी से खुद को कम नहीं मानता है।

सुरक्षा की चाक चौबंद व्यवस्था
न्याय यात्रा को लेकर सुरक्षा की चाक चौबंद व्यवस्था बोकारो जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन ने की थी। सुरक्षा के मद्देनजर तेलमच्चो से रजरप्पा के बीच 90 दंडाधिकारी, 78 पुलिस पदाधिकारी सहित भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गयी थी। दंडाधिकारियों सहित पुलिस पदाधिकारियों व पुलिस बल को सुबह आठ बजे से मुश्तैद नजर आए। कारकेड, खाद्य, रूटलाईनिंग व यातायात व्यवस्था, क्वीक रिसपॉन्स टीम, एएसएल जांच, एंबुलेंस व चिकित्सा व्यवस्था, विस्फोटक पदार्थो की जांच, रूट लाइनिंग सहित कार्यो का जिम्मा अलग-अलग पदाधिकारी को सौंपा गया था। कैंप दो स्थित जायका की सुरक्षा व विधि व्यवस्था का जिम्मा पूरा प्रभार उपविकास आयुक्त कीर्तिश्री को सौंपा गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *