1892 जवान प्रशिक्षण प्राप्त कर राज्य की सेवा में देंगे अपना योगदान, सीएम हेमंत ने कह—-पुलिस विभाग में महिलाओं की बढ़ रही भागीदारी महिला सशक्तिकरण का है मिसाल 

-बोकारो जैप 4 में 574 जवानों को दिया गया था प्रशिक्षण

Bokaro: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि झारखंड पुलिस के विभिन्न ट्रेनिंग संस्थानों से 1892 जवान प्रशिक्षण प्राप्त कर राज्य की सेवा के लिए अपना योगदान देने जा रहें हैं। इन जवानों में 630 महिला आरक्षी अपने सहकर्मी पुरुष आरक्षियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर योगदान देने जा रहीं है। यह पूरे राज्य के लिए गर्व की बात है। पुलिस विभाग में महिलाओं की बढ़ रही भागीदारी महिला सशक्तिकरण का मिसाल है।

मुख्यमंत्री शुक्रवार को बोकारो के जैप-4 ग्राउंड में एसआईआरबी-1 दुमका, एसआईआरबी-2 खूँटी, आईआरबी-8 गोड्डा के जवानों के पारण परेड समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर सीएम ने जैप- 4 परिसर में वृक्षारोपण किया। साथ ही परिसर के लिए आरओ प्लांट का भी उद्घाटन किया।

प्रशिक्षण जीवन का अहम हिस्सा:

सीएम ने कहा कि आपने यहां जो प्रशिक्षण प्राप्त किया है, वह तो एक शुरुआत है। आप जब अपने कर्तव्य और जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे तो आपको कई नई और अलग-अलग तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा। ऐसे में इन चुनौतियों से निपटने में आपका प्रशिक्षण, बुद्धि और विवेक काम आएगा। प्रशिक्षण अनवरत चलने वाली प्रक्रिया है। जिससे आप अपने आप को और बेहतर और कुशल बनाते हैं ।

प्रशिक्षण केंद्रों व पुलिस लाइन केंद्रों का होगा जीर्णोद्धार : 

अगले दो वर्षों के अंदर सभी प्रशिक्षण केंद्रों, जैप मुख्यालयों और पुलिस लाइन केंद्रों का जीर्णोद्धार किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस विभाग की अपनी स्वास्थ्य सेवा हो, इस दिशा में सरकार विचार कर रही है। इसका मकसद पुलिसकर्मियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

बेस्ट कैडेट्स को किए गए सम्मानित: 

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर बेस्ट कैडेट (ओवरऑल) अर्चना कुमारी, बेस्ट कैडेट (इंडोर) भीमराज विश्वकर्मा, बेस्ट कैडेट (आउटडोर) विक्रम कुमार तिवारी और बेस्ट कैडेट (शूटिंग) मंजू कुमारी को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इसके अलावा ट्रेनिंग इनचार्ज और पुलिस उपाधीक्षक विनोद कुमार महतो सम्मानित किए गए।

574 जवानों को दिया गया था ट्रेनिंग :

सत्र 2020-22 के 574 जवानों ने बोकारो JAP-4 के प्रशिक्षण संस्थान में कुल 215 दिन का बुनियादी प्रशिक्षण प्राप्त किया है। इसमें एसआई आरबी-1 दुमका के कुल 13 जवान जिसमें 4 पुरुष एवं 9 महिला, एसआईआरबी- 2 खूँटी के कुल 5 पुरुष जवान, आईआरबी-8 गोड्डा के कुल 556 जवान, जिसमें 377 पुरुष व 179 महिला जवानों ने विभिन्न प्रशिक्षण प्राप्त किए।

ये थे मौजूद:

परेड समारोह में गोमिया विधायक लंबोदर महतो, बेरमो विधायक कुमार जय मंगल, डीजीपी नीरज सिन्हा, मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे, एडीजीपी प्रशांत सिंह, डीजीपी ट्रेनिंग अनुराग गुप्ता, आईजी ट्रेनिंग प्रिया दुबे, बोकारो उपायुक्त कुलदीप चौधरी, पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार झा, चास एसडीओ दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, समादेष्टा JAP-4 अश्विनी कुमार, JAP-4 के पदाधिकारी, प्रशिक्षु जवान सहित अन्य मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *