दीदी जी फाउंडेशन ने सिक्किम के राज्यपाल गंगा प्रसाद को डॉ सच्चिदानंद सिन्हा स्मृति सम्मान से किया सम्मानित

Patna: 13 नवंबर को सामाजिक संगठन दीदीजी फाउंडेशन ने सिक्किम के राज्यपाल गंगा प्रसाद को डॉ. सच्चिदानंद सिन्हा स्मृति सम्मान से सम्मानित किया। राजधानी पटना के हिंदी साहित्य सम्मेलन में 10 नवंबर को डॉ. सच्चिदानंद सिन्हा की 150 जयंती मनायी गयी थी। इस अवसर पर दीदीजी फाउंडेशन ने डॉ. सच्चिदानंद सिन्हा परिवर्तन मीडिया सम्मान समारोह का आयोजन किया, जहां 51 पत्रकारों को सम्मानित किया गया था। टीम के सदस्य और डॉ. सच्चिदानंद सिन्हा जयंती समारोह के अध्यक्ष सुनील कुमार सिन्हा ने सिक्किम के राज्यपाल गंगा प्रसाद के बेली रोड स्थित आवास पर जाकर उनसे शिष्टाचार मुलाकात की और उन्हें डॉ. सच्चिदानंद सिन्हा स्मृ़ति सम्मान से सम्मानित किया। महामहिम गंगा प्रसाद को मोमेंटो, पाग, अंगवस्त्र, बुके देकर दीदीजी फाउंडेशन की संस्थापिका डॉ नम्रता आनंद और सुनील कुमार सिन्हा ने सम्मानित किया। इस अवसर पर गंगा प्रसाद ने कहा कि आधुनिक बिहार के निर्माता के रूप में डॉ सच्चिदानंद सिन्हा की भूमिका अतुलनीय है। बिहार को राज्य का स्वरूप दिलाने में उनका प्रयास सराहनीय है। सार्वजनिक हित व जनकल्याण की भावना से ओतप्रोत डॉ सिन्हा ने दानदाता के रूप में काफी प्रसिद्धि पायी है। अचल संपत्ति को दान देकर उन्होंने संपूर्ण समाज को एक नयी दिशा देने के लिये प्रेरित हीं नहीं किया बल्कि मानव हित और समाज हित के लिये लोगों को संवेदनशीलता का पाठ पढ़ाया है। डॉ नम्रता आनंद ने कहा कि डा सच्चिदानन्द सिन्हा शिक्षाविद, बैरिस्टर तथा प्रखर पत्रकार थे। वह भारत की संविधान सभा के प्रथम अध्यक्ष थे। बिहार को बंगाल से पृथक राज्य के रूप में स्थापित करने वाले लोगों में उनका नाम सबसे प्रमुख है। आधुनिक बिहार के निर्माण और देश के संविधान के निर्माण में डॉ सच्चिदानंद सिन्हा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभायी। बिहार को बंगाल से अलग कराने में भी सच्चिदानंद सिन्हा ने अहम भूमिका निभाई थी। डॉ सच्चिदानन्द सिन्हा की स्मृति में महामहिम गंगा प्रसाद को सम्मानित किया गया है। सुनील कुमार सिन्हा ने कहा भारत के संविधान निर्माण में डॉ सच्चिदानंद सिन्हा का अमूल्य योगदान था। सिर्फ बिहार ही नहीं बल्कि पूरे देश का सौभाग्य है कि संविधान सभा के पहले कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में डॉ सच्चिदानंद सिन्हा को ही चुना गया। इस अवसर पर दीदीजी फाउंडेशन के संरक्षक   दिवाकर कुमार वर्मा, मुकेश महान, प्रेम कुमार, अशोक कुमार, जन स्वास्थ्य कल्याण समिति पटना के सचिव एल बी सिंह, डॉ मनोज सन्ढ़वार को राज्यपाल गंगा प्रसाद ने सम्मानित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *