झारखंड सरकार लूट-खसोट में व्यस्त, अपराधी बेलगाम, माफियाओं का राज
भाजपा ने किया प्रखंड सह अंचल कार्यालय का घेराव
Kasmar : हेमंत हटाओ झारखंड बचाओ अभियान के तहत भाजपा कसमार प्रखंड कमेटी की ओर से गुरुवार को प्रखंड कार्यालय का घेराव किया गया। भाजपा प्रखंड कार्यालय से जुलूस की शक्ल में कार्यकर्ता हेमंत सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रखंड कार्यालय तक पंहुचे। जहां मुख्य गेट के सामने बैठ गये। जिससे दो घंटे तक प्रखंड कार्यालय जाम रहा और सरकारी कार्य प्रभावित रहा। प्रखंड उपाध्यक्ष भवानी प्रसाद मुखर्जी की अध्यक्षता में नुक्कड़ सभा हुई। सभा को संबोधित करते पूर्व सांसद पांडेय ने कहा कि कांग्रेस-राजद के सहयोग से बनी झामुमो नीत हेमंत सरकार के कार्यकाल में अपराधी बेलगाम हो गये हैं, लोहा, कोयला, बालू माफियाओं की चांदी हो रही है। पूर्व विधायक छत्रुराम महतो ने कहा कि सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार का बोलबाला हो गया है। पूर्व की भाजपा सरकार द्वारा लागू योजनाओं को कुंठित होकर बंद कर दिया गया। 1932 खतियान व ओबीसी आरक्षण के नाम पर लोगों का भ्रमित किया जा रहा है। सभा को जिलाध्यक्ष भरत यादव, लक्ष्मण नायक, देवनारायण प्रजापति, चंद्रशेखर जायसवाल, आनंद महतो सहित अन्य ने संबोधित किया। मौके पर भाजपा नेता यदुनंदन जायसवाल, चंद्रशेखर जायसवाल, बीपीन मुंडा, सुरेंद्र महतो, तुलसी दास जायसवाल, वाणेश्वर महतो, अशोक प्रजापति, अर्जुन सिंह, किशोर महतो, परमेश्वर नायक, प्रताप सिंह समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।