गोमिया विधायक लंबोदर महतो की पहल पर सर्पदंश की शिकार महिला को किया रिम्स रेफर
बोकारो जिले के पेटरवार प्रखंड के उलगड्डा पंचायत अंतर्गत चिपुदाग गांव निवासी तिलेश महतो की पत्नी पानेश्वरी देवी (26 वर्ष) को सोमवार दिन के करीब 12 बजे एक सांप ने उसके पैर में काट दिया। परिजन संध्या में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पेटरवार में भर्ती कराया, जहां विधायक डॉ लंबोदर महतो की पहल पर प्राथमिक उपचार कर रिम्स रांची रेफर कर दिया गया। 108 एम्बुलेंस उपलब्ध नहीं होने के कारण रात्रि करीब पौने आठ बजे पिंड्राजोरा जोरा अस्पताल से 108 एम्बुलेंस मंगाकर सर्पदंश की शिकार महिला को रिम्स भेजा गया। बताया जाता है कि सर्पदंश की शिकार महिला सोमवार को अपने बारी में घांस काट रही थी, तभी एक सांप ने उसके बाएं पैर में काट दिया। कौन सा सांप काटा, इसकी जानकारी महिला नहीं दे पाई। बताया जाता है कि दिन में सर्पदंश की घटना के बाद परिजन उसे झाड़-फूंक कराने ले गए। पैरों में हो रहे सूजन को देखते हुए उसे संध्या में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पेटरवार में भर्ती कराया गया।