आधुनिकता के दौर में नावाडीह प्रखंड के छोटकी कुड़ी उत्क्रमित मध्य विद्यालय में नये ओल चिंकी आसड़ा का शुभारंभ
बोकारो जिले के नावाडीह प्रखंड अंतर्गत पलामू पंचायत के ग्राम छोटकी कुड़ी उत्क्रमित मध्य विद्यालय में नयेओल चिंकी आसड़ा(संथाली ओलचिकी स्कूल) का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रखंड उप प्रमुख हरीलाल महतो, बीस सूत्री प्रखंड अध्यक्ष बृजलाल हांसदा और विशिष्ट अतिथि उत्क्रमित मध्य विद्यालय छोटकी कुड़ी के अध्यक्ष शनिचर मूर्मू, वार्ड सदस्य प्रमेशवर मरांडी, शिक्षक राजकुमार किस्कू, राजेश कुमार सिंह, कुडी बुरु धोरोमगाढ़ के नायके बाबा दुर्गा किस्कू, बबलू मूर्मू ने संयुक्त रूप से उद्घाटन कर शुभारंभ किया। उप प्रमुख महतो ने कहा आधुनिकता के दौर में अपनी शिक्षा संस्कृति को बचाए रखना जरूरी है। बीस सूत्री अध्यक्ष हांसदा ने कहा अपनी मातृभाषा को बचाए रखना एवं शिक्षा ग्रहण करना बहुत अनिवार्य है, मातृभाषा से शिक्षित होकर ही हम अपनी भाषा-संस्कृति को संजोकर रख सकते हैं। सामाजिक कार्यकर्ता व पदाधिकारी लुगू बुरु ओल चिकी इतुन आसड़ा के नारायण मरांडी ने कहा लुगू बुरु ऑल चिकी इतुन आसड़ा तिलैया (ललपनिया) द्वारा राज्य के बोकारो, हजारीबाग, रामगढ़, गिरिडीह धनबाद, जामताड़ा और जमशेदपुर जिलों के विभिन्न गांवों में बच्चों को ओलचिकी लिपि में मातृभाषा की निःशुल्क शिक्षा देने का कार्य किया जा रहा है। राज्य के लगभग 300 ओलचिकी शिक्षक व शिक्षिकाएं निःशुल्क सेवा दे रहे हैं। इस अवसर पर उप प्रमुख व बीस सूत्री अध्यक्ष ने बच्चों के बीच ओलचिकी पुस्तकों का वितरण किया। स्कूल में शिक्षक मनोहर हांसदा, संजय हांसदा, संतोष सोरेन, चांदमुनी टूडू, पैरों मरांडी, शिक्षिका सुनीता मरांडी को नियुक्त किया गया है।