ग्रेट अचीवमेंट: गुजरात में 13 प्रतिशत मत प्राप्त करने के बाद आप बन गया राष्ट्रीय पार्टी
Bokaro: आम आदमी पार्टी कल गुजरात में 13 प्रतिशत मत प्राप्त करने के बाद राष्ट्रीय पार्टी बन चुकी है। यह सबसे तेजी से बढ़ने वाली पार्टी है। यह देश में अब नये विकल्प के रूप में उभरी है। उक्त बातें शुक्रवार को बिरसा चौक बोकारो के पास आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सह बुड़ारी विधायक संजीव झा ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कही। उन्होंने कहा कि झारखंड में 2024 में पार्टी विकल्प बनने की दिशा में काम कर रही है। झारखंड में राज्य सरकार काम करने की बजाय कभी ईडी से पूछताछ तो कभी विधायकों को बचाने में फंसी हुई है। उन्होंने कहा कि पहले लोग हमें दिल्ली की पार्टी कहते थे। लेकिन पंजाब में सरकार के साथ गोआ में सात प्रतिशत और गुजरात में 13 प्रतिशत वोट हासिल कर राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा प्राप्त किया है। अब पूरे देश में पार्टी चुनाव लडे़गी। इससे कई पार्टियों की नींद हराम हो गयी है। इससे पूर्व धनबाद से रांची जाने के क्रम में बिरसा चौक के पास संजीव झा और प्रदेश संयोजक देवनाथ सिंह का फूल-मालाओं के साथ स्वागत किया गया। स्वागत समारोह में प्रदेश प्रवक्ता सौरभ श्रीवास्तव, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी कुमार राकेश, बोकारो जिला संयोजक अखिल महतो, सह प्रभारी राजेश सिंह, गिरिडीह जिला प्रभारी विधान चंद्र राय, धनबाद जिला प्रभारी मो मेहबूब आलम, धनबाद जिला संयोजक अशोक महतो, पूर्व बोकारो जिला संयोजक दीपक गुप्ता, ज्योतिष कुमार, उत्तम चोधरी, धर्मेंद्र शर्मा, शादाबुद्दीन शेख, श्रीभगवान कुशवाहा, आनंद मंडल, अशोक कुमार, नीरज साह, संजय कुमार, गुलाम रसूल, अशोक शर्मा, शैलेन्द्र झा, सुमन कुमार सहित अन्य उपस्थित रहे।